कांग्रेस के दिग्गज नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बड़ा बयान दिया है। हुड्डा ने कहा, वोट चोरी की जगह हरियाणा की सरकार ही चोरी की गई। चुनाव के नतीजे सबके लिए आश्चर्यचकित करने वाले थे। उन्होंने आगे कहा कि, किसी भी एक्जिट पोल ने 29 से ज्यादा सीटें बीजेपी को नहीं दी थीं लेकिन ऐसा हुआ कि भाजपा की जीत हुई और कांग्रेस चुनाव हार गई। हरियाणा की पिछले 2 से 3 चुनाव आप देखिए जो पोस्टल बैलट जीतता है वहीं चुनाव जीतता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। भूपेंद्र सिंह हुड्डा वर्तमान में हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्यरत हैं और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता हैं।
राहुल गांधी ने लगाया है बड़ा आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा चुनाव में 25 लाख वोटों की चोरी का सनसनीखेज आरोप लगाकर सियासत में हलचल मचा दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया है कि 'हरियाणा में 25,00,000 वोट चोरी हुए' और इसके लिए राहुल गांधी ने बीजेपी पर साजिश करने का आरोप लगाया। अपनी एच फाइल्स के जरिए उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारी गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव में कांग्रेस के जीतने की पूरी संभावना थी, लेकिन मतदाता सूची में गड़बड़ी कर चुनाव परिणाम को बदल दिया गया। राहुल ने यह आरोप ऐसे समय में लगाया है जब बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एक दिन बाद ही मतदान होना है।