कैथल: हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज और कैथल की एसपी उपासना के बीच एक मीटिंग के दौरान तीखी बहस हुई। दरअसल अनिल विज ने एक पुलिस वाले को सस्पेंड करने के आदेश दिए। इसपर एसपी ने कहा कि उनके पास इसकी पावर नहीं है। इसपर मंत्री भड़क गए। ये बहस उस वक्त हुई जब शिकायत समिति की मीटिंग चल रही थी। इसमें एक पुलिस वाले पर जमीन धोखाधड़ी मामले की शिकायत आई। इसी शिकायत पर मंत्री अनिल विज ने पुलिस वाले को सस्पेंड करने का आदेश दिया, जिसे एसपी उपासना ने ये कहते हुए मना कर दिया कि उनके पास इसकी पावर नहीं है। मामला कुरुक्षेत्र के अधिकार क्षेत्र में आता है।
एसपी उपासना के इतना कहते ही मंत्री का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने कहा कि अगर पावर नहीं है तो बैठक से उठकर चली जाओ। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।मंत्री और एसपी के बीच बहस का वीडियो भी सामने आया है।
आपके पास पावर नहीं है तो यहां से चले जाइएः विज
वीडियो में मंत्री अनिल विज कैथल की एसपी उपासना को आदेश दे रहे हैं कि वह पुलिसकर्मी संदीप को सस्पेंड करें। इस पर एसपी उपासना ने बताया कि उनके पास ऐसा करने का अधिकार नहीं है क्योंकि आरोपी पुलिसकर्मी उनके जिले का नहीं है। उन्होंने मंत्री से कहा कि यह अधिकार कुरुक्षेत्र के एसपी या डीजीपी के पास है। वीडियो में दिख रहा है कि गुस्से में अनिज विज एसपी से कहते हुए दिख रहे हैं, "मैं कह रहा हूं। उसे सस्पेंड करो। इस पर कैथल एसपी कह रही हैं कि यह कुरुक्षेत्र के एसपी के अधिकार क्षेत्र में है। इस पर मंत्री ने कहा कि मैं कह रहा हूं कि उसे सस्पेंड करें, आपको बस मेरे ऑर्डर मानना है। इस पर उपासना कहती है कि उसके पास ऐसा करने का पावर नहीं है, यह पावर कुरुक्षेत्र SP या DGP के पास है। इस पर विज गुस्से में कहते हैं अगर आपके पास पावर नहीं है तो यहां से चले जाइए। मेरा ऑर्डर पूरे हरियाणा में चलता है।
यहां देखें वीडियो
जानें पूरा मामला
दरअसल, कुरुक्षेत्र में पोस्टेड ASI संदीप कुमार पर ज़मीन के झगड़े में फ्रॉड करने का आरोप है। असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर संदीप ने कथित तौर पर ज़मीन बेचने के लिए एक खरीदार से 7 लाख रुपये एडवांस लिए थे। जांच अधिकारियों के मुताबिक, बाद में जब ज़मीन के डॉक्यूमेंट्स गलत पाए गए, तो खरीदार ने डील तोड़ दी और पैसे वापस मांगे। ASI संदीप ने पैसे वापस करने से मना कर दिया, जिसके बाद कैथल के तितरम पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया।