A
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. अनिल विज की मनोहर लाल खट्टर से मांग, अंबाला और चंडीगढ़ के बीच बनाएं मेट्रो

अनिल विज की मनोहर लाल खट्टर से मांग, अंबाला और चंडीगढ़ के बीच बनाएं मेट्रो

मनोहर लाल खट्टर ने हिंदी में एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे।" साथ ही एक तस्वीर भी पोस्ट की, जिसमें केंद्रीय मंत्री विज का स्वागत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

Manohar lal khattar and Anil Vij- India TV Hindi
Image Source : X/MANOHARLALKHATTAR मनोहर लाल खट्टर और अनिल विज

हरियाणा की सैनी सरकार में मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर से अंबाला और चंडीगढ़ के बीच मेट्रो लिंक के लिए अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि व्यस्त समय में यात्री जाम में फंस जाते हैं। राज्य के परिवहन मंत्री ने खट्टर का स्वागत करने के बाद अंबाला में पार्टी कार्यालय में कहा "अगर मेट्रो ट्रेन शुरू की जाती है, तो इससे समय की बचत होगी और हजारों लोगों को फायदा होगा, जो दोनों शहरों के बीच आने-जाने में घंटों समय बिताते हैं।" 

विज ने अंबाला छावनी घरेलू हवाई अड्डे की स्थापना में मदद के लिए पूर्व मुख्यमंत्री की प्रशंसा भी की। इससे पहले, खट्टर ने विज और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई। खट्टर ने हिंदी में एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे।" साथ ही एक तस्वीर भी पोस्ट की, जिसमें केंद्रीय मंत्री विज का स्वागत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। 

खट्टर ने पार्टी की जीत पर खुशी जताई

करनाल से भाजपा सांसद खट्टर ने हरियाणा में नगर निगम चुनावों में पार्टी की जीत की भी सराहना की और नव निर्वाचित प्रतिनिधियों से जन कल्याण के लिए काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 2014 से भाजपा ने लगातार लोकसभा चुनाव, विधानसभा चुनाव और राज्य में कई स्थानीय और ग्रामीण निकाय चुनाव जीते हैं, जिससे पार्टी में जनता का मजबूत भरोसा दिखा है। पार्टी ने हाल ही में राज्य के 10 नगर निगमों में से नौ के लिए मेयर चुनाव जीते हैं।

सीएम पद न मिलने पर नाराज थे विज

हरियाणा में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद अनिल विज ने मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की थी। हालांकि, उनकी बजाय नायब सिंह सैनी को दोबारा यह जिम्मेदारी दे दी गई। इससे अनिल विज बेहद नाराज थे। हालांकि, बाद में उन्हें मना लिया गया और उन्होंने सैनी सरकार में मंत्री पद स्वीकार कर लिया। (इनपुट- पीटीआई भाषा)