A
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से क्रॉस वोटिंग करने वाले 5वें विधायक का नाम आया सामने, जरनैल सिंह को मिला शो कॉज नोटिस

हरियाणा: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से क्रॉस वोटिंग करने वाले 5वें विधायक का नाम आया सामने, जरनैल सिंह को मिला शो कॉज नोटिस

Congress Cross Voting: हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस के 5वें विधायक के नाम का खुलासा हो गया है। पार्टी ने रतिया विधायक जरनैल सिंह को नोटिस जारी कर दिया है।

Jarnail Singh MLA notice- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT हरियाणा में कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह को नोटिस जारी किया गया है।

Haryana Rajya Sabha election Cross Voting: हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से क्रॉस वोटिंग करने वाले पांचवें विधायक का नाम सामने आ गया है। पार्टी की अनुशासनात्मक समिति ने रतिया से विधायक जरनैल सिंह को भी नोटिस जारी कर दिया है। हालांकि, जरनैल सिंह ने इसे उन्हें बदनाम करने की साजिश बताया है और क्रॉस वोटिंग के आरोपों से साफ इनकार किया है।

MLA जरनैल सिंह ने आरोप को बताया झूठा

कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह ने पार्टी की तरफ से मिले शो कॉज नोटिस पर कहा कि अभी मुझे कोई नोटिस नहीं मिला है। जब मिलेगा तब पार्टी को जवाब देंगे। ये मुझे बदनाम करने की साजिश है। किसी ने भी कोई क्रॉस वोटिंग नहीं की, मैंने अपना वोट भूपिंदर हुड्डा को दिखाकर डाला था।

विधायक को मिले शो कॉज नोटिस में क्या लिखा है?

MLA जरनैल सिंह को जारी किए गए शो कॉज नोटिस में लिखा है कि पार्टी लीडरशिप की संज्ञान में यह लाया गया है कि राज्यसभा चुनाव में, आपने कथित तौर पर निर्धारित प्रक्रिया और पार्टी की तरफ से जारी आधिकारिक निर्देशों के विपरीत वोटिंग की है, जिसकी वजह से आपका वोट रद्द कर दिया गया।

पार्टी विरोधी गतिविधियों का दिया गया हवाला

अगर यह साबित हो जाता है, तो यह पार्टी अनुशासन का गंभीर उल्लंघन है। ऐसा करना पार्टी विरोधी गतिविधियों के बराबर है। यह पार्टी की अखंडता, एकता और वैचारिक प्रतिबद्धताओं को कमजोर करने का काम करता है। यह पार्टी के नियमों, स्थापित मानदंडों और संविधान का भी स्पष्ट उल्लंघन है।

विधायक जरनैल सिंह से 7 दिनों में मांगा जवाब

शो कॉज नोटिस में विधायक जरनैल सिंह से 7 दिनों के अंदर कारण बताने के लिए कहा गया है। अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो इसके लिए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

जरनैल सिंह से पहले इन MLAs को जारी हुआ नोटिस

जान लें कि इससे पहले नारायणगढ़ MLA शैली चौधरी, साढौरा की विधायक रेनू बाला, पुन्हाना के MLA मोहम्मद इलियास और हथीन के विधायक मोहम्मद इजराइल को नोटिस जारी करके जबाव मांगा जा चुका है।