1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. चाकूबाजी करने वाले आरोपियों को गंजा कर पुलिस ने सड़कों पर घुमाया, हाथ जोड़ माफी मांगते दिखे; वीडियो देखें

चाकूबाजी करने वाले आरोपियों को गंजा कर पुलिस ने सड़कों पर घुमाया, हाथ जोड़ माफी मांगते दिखे; वीडियो देखें

चाकूबाजी करने वाले आरोपियों का सिर मुंडवाकर करनाल पुलिस ने शहर में घुमाया। आरोपी हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगते दिखे।

चाकूबाजी करने वाले आरोपियों का सिर मुंडवाकर पुलिस ने शहर में घुमाया- India TV Hindi
Image Source : REPORTER चाकूबाजी करने वाले आरोपियों का सिर मुंडवाकर पुलिस ने शहर में घुमाया

करनाल शहर की पुरानी सब्जी मंडी में चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में करनाल पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। 24 अक्टूबर की रात हुई इस वारदात के बाद सिटी थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के सिर मुंडवाकर उन्हें शहर में घुमाया। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने हुड़दंगबाजी, हथियारों के दम पर दहशत फैलाने और खुद को इलाके का दबंग समझने वाले युवाओं को कड़ा संदेश देने की कोशिश की है। 

चौधर की लड़ाई में खूनी संघर्ष

पुलिस के मुताबिक, पुरानी सब्जी मंडी में 7 से 8 युवकों ने मिलकर दो युवकों पर हमला किया था। आरोपियों ने चाकू, लाठी और डंडों का इस्तेमाल करते हुए दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में युवकों के सिर पर भी चोटें आईं। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे आपसी रंजिश और इलाके में अपना दबदबा कायम करने की होड़ सामने आई है। पुलिस का कहना है कि कुछ युवक खुद को इलाके का दबंग साबित करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते हैं, लेकिन कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

कुछ ही घंटों में पांच आरोपी गिरफ्तार 

वारदात की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के सिर मुंडवाकर उन्हें शहर में घुमाया। इस कार्रवाई को युवाओं के बीच यह संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है कि चाकू चलाकर, मारपीट करके या दहशत फैलाकर कोई भी कानून से ऊपर नहीं हो सकता।

यहां देखें वीडियो

सिटी थाना प्रभारी बोले- नहीं चलने देंगे किसी की बदमाशी

सिटी थाना प्रभारी रामलाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुरानी सब्जी मंडी में दो युवकों पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि यह मामला आपसी रंजिश और चौधर की लड़ाई से जुड़ा है। कुछ युवक इलाके में अपना दबदबा कायम करना चाहते हैं, लेकिन पुलिस ऐसा बिल्कुल नहीं होने देगी। 

रामलाल ने स्पष्ट कहा कि खासकर सिटी थाना क्षेत्र में किसी की बदमाशी नहीं चलने दी जाएगी। शराब पीकर हुड़दंग किया या चाकू चलाया तो होगी सख्त कार्रवाई युवा पीढ़ी को चेतावनी देते हुए थाना प्रभारी रामलाल ने कहा कि युवक गलत संगत और बदमाशी के रास्ते से दूर रहें। शराब पीकर हुड़दंगबाजी करने, चाकू-छुरी चलाने और लोगों में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से निपटेगी। उन्होंने साफ किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

कोर्ट में पेश होंगे आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात की निशानदेही करवाई जाएगी। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। इससे पहले हिसार रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उसके 3 दोस्त घायल हो गए। 

रिपोर्ट- अमित भटनागर 

ये भी पढ़ेंः '20 दिन पहले खाने की थाली से उठाकर ले गए बेटे को', टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में शूटर रेहान की मां का चौंकाने वाला खुलासा