1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. गुरुग्राम में बीच सड़क भिड़ गए युवक और युवती, दोनों के बीच जमकर हुई गाली-गलौच और मारपीट

गुरुग्राम में बीच सड़क भिड़ गए युवक और युवती, दोनों के बीच जमकर हुई गाली-गलौच और मारपीट

गुरुग्राम के ब्रिस्टल चौक पर युवक-युवती के बीच सड़क पर मारपीट और गाली-गलौच का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर दोनों को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि शराब के नशे और पुराने विवाद के कारण यह हंगामा हुआ।

Gurugram fight viral video, Bristol Chowk clash, Haryana police action- India TV Hindi
Image Source : X.COM/BURMEEM गुरुग्राम के ब्रिस्टल चौक पर युवक और युवती के बीच जमकर मारपीट हुई।

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में स्थित ब्रिस्टल चौक पर सार्वजनिक स्थान पर झगड़ा करने और एक-दूसरे को अपशब्द कहने के आरोप में पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह विवाद एक शराब की दुकान के बाहर हुआ था। बता दें कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और देर रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बीच सड़क पर हुई गाली-गलौच और मारपीट

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भारी ट्रैफिक के बीच दोनों आरोपी आपस में मारपीट कर रहे हैं। फुटेज में पुरुष महिला के बाल खींचते हुए और उसे बार-बार थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहा है। वहीं, महिला पुरुष को लगातार गालियां देती सुनाई दे रही है। घटना के दौरान वहां मौजूद एक राहगीर ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया और बाद में इसे इंटरनेट पर साझा कर दिया। वीडियो में कुछ अन्य लोग भी दिखाई दे रहे हैं, जो झगड़े का वीडियो बना रहे थे और महिला को वहां से जाने के लिए कह रहे थे।

सोशल मीडिया पर उठी कार्रवाई की मांग

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने हरियाणा पुलिस और गुरुग्राम प्रशासन को टैग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान पश्चिम बंगाल की रहने वाली रिया कुमारी उर्फ रिया के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के वजीराबाद गांव में किराए पर रहती है। वहीं, पुरुष की पहचान राजस्थान के झुंझुनूं निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के चक्करपुर में रहता है।

सामने आई दोनों के बीच झगड़े की वजह

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, 'पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक-दूसरे को जानते थे और यह बहुत ज्यादा शराब पीने के बाद हुई। उनके बीच किसी पुराने मामले को लेकर बहस शुरू हुई, जिसने जल्द ही सार्वजनिक हंगामे का रूप ले लिया।' अधिकारी ने आगे कहा, 'सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।' गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।