A
Hindi News हरियाणा मोबाइल चोरी होने को लेकर हुआ विवाद, दोस्त ने 5वीं मंजिल से दिया धक्का; युवक की हुई मौत

मोबाइल चोरी होने को लेकर हुआ विवाद, दोस्त ने 5वीं मंजिल से दिया धक्का; युवक की हुई मौत

गुरुग्राम में एक शख्स ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक मोबाइल फोन गुम होने को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद शख्स ने अपने दोस्त को पांचवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया।

दोस्त ने पांचवीं मंजिल से दिया धक्का। - India TV Hindi Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE दोस्त ने पांचवीं मंजिल से दिया धक्का।

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में एक शख्स को उसके ही दोस्त ने पांचवीं मंजिल से धक्का दे दिया। इस घटना में युवक की नीचे गिरने से मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मोबाइल गुम होने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से एक शख्स ने दूसरे को पांचवीं मंजिल से धक्का दे दिया। 

15 दिन पहले आया था युवक

पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान कन्हैया उर्फ ​​प्रशांत (20) के रूप में हुई है। आरोपी यूपी के आगरा जिले का रहने वाला है। वहीं मृतक के चचेरे भाई ने पुलिस से घटना की शिकायत की थी। मृतक के चचेरे भाई ने पुलिस को बताया कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला आकाश पाठक करीब 15 दिन पहले काम के लिए दिल्ली आया था। वह बस कुशला गांव में किराये के एक कमरे में अपने दोस्तों के साथ रह रहा था। 

पांचवीं मंजिल से दिया धक्का

पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता को आकाश पाठक की मौत की सूचना मिली। इसके बाद वह उसके परिवार के साथ मौके पर पहुंचा। घटनास्थल पर जाने के बाद शिकायकर्ता को बताया गया कि पाठक की छत से गिरकर मौत हो गई है। हालांकि बाद में शिकायतकर्ता को पता चला कि आकाश पाठक और कन्हैया के बीच मोबाइल फोन गुम होने को लेकर बहस हुई थी। इस झगड़े के दौरान कन्हैया ने कथित तौर पर आकाश को पांचवीं मंजिल से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। 

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

वहीं मृतक के चचेरे भाई की शिकायत मिलने के बाद आईएमटी मानेसर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस मामले को लेकर गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘आरोपी ने बाद में कबूल किया कि उसने मोबाइल फोन खोने को लेकर हुए विवाद के बाद आकाश को घर की पांचवीं मंजिल से धक्का दिया था। मामले की जांच जारी है।’’ (इनपुट- पीटीआई)