पंचकूला के सेक्टर-21 में रिटायर्ड कैप्टन मनमोहन लाल सिंह की पत्नी की हत्या से जुड़ा अहम सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में आरोपी मेड और उसका बेटा शव छिपाते हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों पहले छत में आए थे और चारों तरफ देखकर यह सुनिश्चित किया था कि कोई उन्हें देख नहीं रहा है। इसके बाद शव पड़ोसी के घर में छिपा दिया था। हत्या के मामले में वारदात का सीसीटीवी वीडियो बेहद अहम सबूत माना जा रहा है। हालांकि, आरोपियों ने अपना अपराध पहले ही स्वीकार कर लिया है।
वीडियो में घरेलू सहायिका (मेड) और उसका बेटा महिला के शव को घर से बाहर ले जाते और पड़ोसी की छत पर ले जाकर चादर से ढककर छिपाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की थी। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में घरेलू सहायिका सुनीता देवी, उसका पति शंकर और बेटा राजा शामिल हैं।
चोर कहे जाने से नाराज थी मेड
जांच में सामने आया है कि घरेलू सहायिका घर में हुई चोरी के शक के बाद खुद को बार-बार चोर कहे जाने से नाराज थी। इसी रंजिश के चलते उसने अपने पति और बेटे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। वारदात के बाद तीनों ने शव को पड़ोसी की छत पर ले जाकर चादर से ढक दिया, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए घरेलू सहायिका, उसके पति और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
जांच पूरी कर सबूत जुटा रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच पूरी की जा रही है। सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अदालत में मजबूत चार्जशीट पेश की जाएगी। आरोपियों ने शुरुआत में कहा था कि महिला की मौत पैर फिसलने से हुई है, लेकिन बाद में सभी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। रिटायर्ड कैप्टन ने 3 अगस्त को उनकी पत्नी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपियों को ढूंढ़ निकाला था। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम संदिग्ध महिला के घर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। घर के अंदर कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन जब पुलिस छत पर पहुंची तो वहां एक चादर के नीचे कैप्टन मनमोहन लाल मेहता की पत्नी नीरा मेहता का शव बरामद हुआ।
(पंचकूला से उमंग श्योरन की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
पंचकूला में रिटायर्ड कैप्टन की पत्नी की हत्या, घरेलू सहायिका ने कोठी में मारा; मालकिन का शव पड़ोसी की छत पर छिपाया