A
Hindi News हरियाणा हरियाणा: खड़ी ट्रेन पर महिला से गैंगरेप... बाद में हैवानों ने पटरियों पर फेंका, दूसरी ट्रेन गुजरने से कट गया पीड़िता का पैर

हरियाणा: खड़ी ट्रेन पर महिला से गैंगरेप... बाद में हैवानों ने पटरियों पर फेंका, दूसरी ट्रेन गुजरने से कट गया पीड़िता का पैर

गैंगरेप के बाद ट्रेन से फेंके जाने के बाद पीड़ित महिला का पैर कट गया है। पीड़िता को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने इस पूरे मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi Image Source : FILE PHOTO सांकेतिक तस्वीर

हरियाणा के पानीपत जिले से दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक खड़ी ट्रेन की खाली बोगी में 35 वर्षीय महिला से गैंगरेप किया गया। उसके बाद पीड़ित महिला को रेल की पटरियों पर फेंक दिया गया, जहां एक ट्रेन के गुजरने से उसका पैर कट गया।

पति ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की शिकायत

पुलिस ने सोमवार को कहा कि उन्हें 26 जून को महिला की गुमशुदगी की शिकायत मिली थी। उसके पति ने उन्हें बताया कि वह झगड़ा होने के बाद 24 जून से लापता है। पति ने पुलिस को कहा कि पहले भी वह घर छोड़कर गई थी लेकिन वह खुद ही घर लौट आती थी। इस बीच, महिला ने पुलिस को बताया कि वह एक नजदीकी रेलवे स्टेशन पर बैठी थी तभी एक व्यक्ति उसके पास आया और उसने दावा किया कि उसे उसके पति ने भेजा है।

खड़ी खाली ट्रेन में ले गया व्यक्ति

किला पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी श्रीनिवास ने कहा, ‘महिला ने बताया कि वह व्यक्ति उसे अपने साथ एक खड़ी ट्रेन की खाली बोगी में ले गया। जहां उसने उससे दुष्कर्म किया। बाद में दो और व्यक्ति भी आ गए और उन्होंने भी दुष्कर्म किया।’

बाद में पटरियों पर फेंक दिया

इस घटना से सदमे में दिखी महिला ने यह भी बताया कि बाद में उसे सोनीपत ले जाया गया। जहां आरोपियों ने उसे ट्रेन की पटरियों पर फेंक दिया और एक ट्रेन के गुजरने के कारण उसने अपना एक पैर गंवा दिया। बाद में उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसका इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

इस पूरे मामले में SIT गठित की गई है। जिला पुलिस और CIA की टीमें जांच कर रह रही हैं। पुलिस अधिकारी श्रीनिवास ने कहा, ‘हमने सामूहिक दुष्कर्म के लिए जीरो एफआईआर दर्ज की और इसे आगे की कार्रवाई के लिए पानीपत राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के पास भेज दिया है।’ यहां राजकीय रेलवे पुलिस के थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश ने कहा कि उन्हें रविवार शाम को जीरो एफआईआर मिली और मामले की जांच की जा रही है। जीरो एफआईआर का यह मतलब होता है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी भी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकती है, चाहे अपराध कहीं भी हुआ हो। (भाषा के इनपुट के साथ)

पानीपत- सुधीर चौधरी की रिपोर्ट