1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा में प्रॉपर्टी डीलर पर रॉड से हमला, दिनदहाड़े बेटे के अपहरण की कोशिश, CCTV में कैद हुई वारदात

हरियाणा में प्रॉपर्टी डीलर पर रॉड से हमला, दिनदहाड़े बेटे के अपहरण की कोशिश, CCTV में कैद हुई वारदात

पूर्व अकाउंटेंट एवं प्रॉपर्टी डीलर पर कुछ युवकों ने हमला किया। उसके बच्चे को किडनैप करने की कोशिश भी की गई। पूरा घटनाक्रम पास के ही एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रॉपर्टी डीलर पर रॉड से हमला,- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT प्रॉपर्टी डीलर पर रॉड से हमला,

हरियाणा के भोंडसी एरिया के रेयान एन्कलेव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुछ युवकों ने रॉड, डंडों से एक प्रॉपर्टी डीलर की कार पर उस वक्त हमला कर दिया, जब वह बच्चों को स्कूल से लेकर दोपहर के वक्त अपने घर जा रहा था। घटना 9 अक्टूबर की दोपहर की है। आरोपियों ने न केवल गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया बल्कि प्रॉपर्टी डीलर के साथ मारपीट की। आरोप है कि इन युवकों ने उनके बेटे का अपहरण करने का प्रयास किया और बेटियों के साथ भी मारपीट की, लेकिन समय रहते उन्होंने बच्चों को बचाकर एक फार्म हाउस में भेज दिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। 

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

वारदात की सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इसका फुटेज पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है।

पहले रॉड से हमला फिर बेटे के अपहरण की कोशिश

सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से कुछ युवक पहले एक कार पर रॉड से हमला करते हैं और गाड़ी के शीशे तोड़ देते हैं। इसके बाद वह गाड़ी में मौजूद प्रॉपर्टी डीलर व उनके बच्चों पर भी हमला कर देते हैं। आरोप है कि इन युवकों ने पीड़ित के बेटे के अपहरण का भी प्रयास किया। जिस स्थान पर यह वारदात हुई उस स्थान से कुछ ही दूरी पर पीड़ित का दोस्त एक फार्महाउस में नौकरी करता है जिस पर उसने बच्चों को वहां भगा दिया और सभी बच्चों को सुरक्षित किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पहले अकाउंटेंट का करता था काम

पीड़ित सुरेश कुमार ने बताया कि वह मूल रूप से चरखी दादरी के रहने वाले हैं और परिवार सहित कई सालों से भोंडसी के रेयान एन्कलेव में रह रहे हैं। वह पहले अकाउंटेंट के तौर पर कार्य कर रहे थे, लेकिन साल 2017 में नौकरी छोड़ने के बाद वह भोंडसी एरिया में ही प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने लगे।

पूरी प्लानिंग के तहत किया गया हमला

उन्होंने पुलिस को शिकायत में बताया कि करीब डेढ़ साल पहले जब रेयान एन्कलेव में सड़क बनाने का काम चल रहा था। उस वक्त उनका पड़ोस में रहने वाले कुछ युवकों से विवाद हो गया था, जिसके बाद से वह लोग उनसे रंजिश रखे हुए हैं और अब आरोपियों ने रेकी करने के बाद पूरी प्लानिंग के साथ उन पर हमला किया। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोहित कौशिक की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

करनाल में चाकू गोदकर युवक की बेरहमी से हत्या, गर्दन-पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान