1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. राधिका यादव मर्डर केस: एल्बम में दिखे इनाम-उल-हक से अफेयर का शक, मैनेजर ने INDIA TV को बताया क्या है सच

राधिका यादव मर्डर केस: एल्बम में दिखे इनाम-उल-हक से अफेयर का शक, मैनेजर ने INDIA TV को बताया क्या है सच

राधिका यादव की हत्या के बाद एक वीडियो एल्बम सामने आया है, जिसमें वह इनाम-उल-हक नाम के एक को-एक्टर के साथ दिख रही है। वहीं हत्या के पीछे दोनों के अफेयर की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि इनाम-उल-हक की मैनेजर ने इंडिया टीवी से बात की है, जिसमें उन्होंने इसकी सच्चाई बताई है।

एल्बम में राधिका और इनाम-उल-हक ने साथ किया काम।- India TV Hindi
Image Source : YT एल्बम में राधिका और इनाम-उल-हक ने साथ किया काम।

हरियाणा के गुरुग्राम में स्टेट लेवल की टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राधिका यादव की हत्या के बाद अब इसकी वजहों को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। एक तरफ यह कहा जा रहा है कि समाज के तानों से परेशान होकर पिता ने राधिका को गोली मार दी, तो वहीं दूसरी तरफ राधिका के अफेयर की आशंका भी जताई जा रही है। दरअसल, राधिका यादव ने हाल ही में एक वीडियो एल्बम भी शूट कराया था, जिसमें उसके साथ इनाम-उल-हक ने एक्टर के तौर पर काम किया था। ऐसे में अब शक की सूई इनाम-उल-हक की तरफ भी घूम रही है। 

एल्बम में इनाम-उल-हक ने किया काम

हालांकि राधिका यादव ने जो वीडियो एल्बम शूट कराया था, इसमें इनाम-उल-हक भी को-एक्टर था। ऐसे में अब राधिका की हत्या के बाद आशंका जताई जा रही है कि दोनों के बीच अफेयर भी इसकी वजह हो सकती है। वहीं इनाम-उल-हक की मैनेजर कल्पना आर्य ने इंडिया टीवी से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने राधिका यादव और इनाम-उल-हक के बीच किसी भी प्रकार के अफेयर से साफ इनकार कर दिया। इनाम-उल-हक की मैनेजर कल्पना आर्य ने बताया कि यह वीडियो पिछले साल गर्मियों में शूट किया गया था। इस दौरान राधिका और कल्पना के बीच सिर्फ हाय-हैलो ही हुआ था। 

अफेयर के शक पर मैनेजर ने क्या कहा?

राधिका और इनाम-उल-हक के अफेयर के बारे में पूछे जाने पर कल्पना आर्य ने कहा कि अगर माइनस से भी नीचे कुछ आता होगा तो उतना ही होगा। इनाम इस टाइप का लड़का नहीं है, लड़की और इन सब चीजों से वह बहुत दूर रहता है। उसका इन सब चीजों से कोई लेना-देना नहीं है। वहीं वीडियो शूट के दौरान राधिका के पिता के विरोध को लेकर पूछे गए सवाल पर कल्पना ने कहा कि हमें ऐसा नहीं लगा। राधिका खुशी-खुशी आई थी। राधिका के बॉडी लैंग्वेज से भी ऐसा नहीं लगा। हमारे बीच बस दो सेकेंड की हैलो-हाय हुई थी।