1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. 70 यात्रियों को बैठाकर बस चला रहा था नशे में धुत रोडवेज चालक, कट गया ₹10 हजार का चालान, केस दर्ज

70 यात्रियों को बैठाकर बस चला रहा था नशे में धुत रोडवेज चालक, कट गया ₹10 हजार का चालान, केस दर्ज

पुलिस को जांच के दौरान ड्राइवर की हरकतों पर शक हुआ तो उन्होंने जांच की। इससे साफ हो गया कि ड्राइवर नशे में है। इसके बाद उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

Bus- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT चेकिंग के दौरान बस

रेवाड़ी में हरियाणा रोडवेज के एक चालक की बड़ी लापरवाही समय रहते पकड़े जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। नशे की हालत में बस चला रहे चालक को ट्रैफिक पुलिस ने रोककर जांच की तो उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार करीब 70 यात्रियों की जान जोखिम में पड़ने से बच गई। 

खबरों के अनुसार, हरियाणा रोडवेज की एक बस रेवाड़ी बस स्टैंड से खालेटा के लिए रवाना हुई थी। बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी और उसमें करीब 70 यात्री सवार थे। बस जब रेवाड़ी शहर के नाईवाली चौक पहुंची तो सिटी ट्रैफिक इंचार्ज बलवंत सिंह ने रूटीन चैकिंग के दौरान बस को रुकवाया। 

जांच में पकड़ी गई शराब

चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसकी एल्कोहल सेंसर से जांच कराई गई। जांच में चालक प्रदीप के शरीर में एल्कोहल की मात्रा 280 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर रक्त पाई गई। जबकि निर्धारित कानूनी सीमा 30 मिलीग्राम है। जांच रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस ने चालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की। 

10 हजार का जुर्माना लगा

सिटी ट्रैफिक इंचार्ज ने चालक प्रदीप के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर 10 हजार रुपये का चालान किया। इसके बाद चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। साथ ही उसके ड्राइविंग लाइसेंस को रद्द करने की सिफारिश भी की गई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करीब एक घंटे बाद दूसरे चालक की व्यवस्था की गई, जिसके बाद बस को खालेटा के लिए रवाना किया गया। 

पुलिस का बयान

सिटी ट्रैफिक इंचार्ज ने कहा कि रेवाड़ी पुलिस लगातार ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है। नशे की हालत में वाहन चलाकर यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ उनके ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की लापरवाही करने का साहस न कर सके।

(रेवाड़ी से संजय की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

नूंह में दो पक्षों के विवाद में युवक की गोली लगने से मौत, 32 नामजद समेत कई पर हत्या का केस दर्ज

हरियाणा के कैथल में BJP विधायक का समोसे तलते हुए VIDEO वायरल, बोले- "मेरी भी रेहड़ी लगाओ, काफी मुनाफा है"