1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. रोहतक: IG पूरन सुसाइड केस में नया मोड़, शराब कारोबारी से 2.5 लाख की डील करने गए पुलिसकर्मी का CCTV आया सामने

रोहतक: IG पूरन सुसाइड केस में नया मोड़, शराब कारोबारी से 2.5 लाख की डील करने गए पुलिसकर्मी का CCTV आया सामने

पुलिसकर्मी सुशील कुमार आईजी पूरन की तरफ से 2.5 लाख की डील करने गया था। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। फिलहाल सुशील कुमार पुलिस की गिरफ्त में है।

Haryana Police Officer Suicide- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आईजी वाईएस पूरन (बाएं), एएसआई संदीप लाठर (दाएं)

हरियाणा के रोहतक में शराब कारोबारी प्रवीण बंसल और पुलिसकर्मी सुशील कुमार के बीच ढाई लाख रुपये की डील का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। रोहतक के आईजी वाई पूरन कुमार और रोहतक पुलिस साईबर सेल के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार लाठर के सुसाइड करने के बाद यह केस हाई प्रोफाइल बन चुका है। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है।

अब इस केस में नया मोड़ आया है। पुलिसकर्मी सुशील कुमार रोहतक के शराब कारोबारी प्रवीण बंसल से हर महीने ढाई लाख रुपये मांगने उसके ऑफिस गया था। इसका सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। सुशील कुमार आईजी वाई पूरन का पीएसओ था। सीसीटीवी नौ जुलाई का बताया जा रहा है। यह सीसीटीवी सुशील कुमार के खिलाफ अहम सबूत है।

संदीप लाठर ने भी सुशील पर लगाए थे आरोप

प्रवीण बंसल ने सुशील कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद ऑडियो और सीसीटीवी वीडियो के आधार पर उसे छह अक्टूबर को रोहतक अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। प्रवीण बंसल ने पुलिस में दी शिकायत में कहा था कि सुशील आईजी वाई पूरन कुमार के नाम पर हर महीने ढाई लाख रुपये मांग रहा था। एएसआई संदीप लाठर ने भी सुसाइड करने से पहले सुशील कुमार के शराब कारोबारी से ढाई लाख रुपये मांगने का जिक्र किया था।

14 अक्टूबर से संदीप ने किया था सुसाइड

शराब कारोबारी के ऑफिस में सुशील कुमार सेक्टर एक में परवीन बंसल के ऑफिस में पैसे की डील करने गया था। छह अक्टूबर को सुशील को अर्बन एस्टेट थाना रोहतक पुलिस ने गिरफ्तार कर किया था। 14 अक्टूबर को एएसआई संदीप कुमार लाठर ने सुसाइड कर लिया था। उन्होंने सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर सुशील कुमार और आईजी वाई पूरन कुमार पर ढाई लाख रुपये मंथली मांगने का आरोप लगाया था।

सात अक्टूबर को वाई पूरन ने की थी आत्महत्या

सात अक्टूबर को आईजी वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ में अपने आवास पर सुसाइड कर लिया था और आठ पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारणियां सहित 15 आईपीएस और आईएएस के नाम प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। उसके बाद रोहतक एसपी पद से नरेंद्र बिजारणियां को हटा दिया गया। तीन दिन बाद डीजीपी शत्रुजीत को भी लंबी छुट्टी पर भेज दिया गया था।

(रोहतक से सुनील कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

गुरुग्राम में ग्रीन पटाखे के लिए उमड़ी भारी भीड़, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

पति को छोड़ बॉयफ्रेंड के साथ रहने लगी यूट्यूबर महिला, प्रेमी ने गला दबाकर मार डाला; 11 दिन बाद अरेस्ट