1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. ट्रेन में खिलौने वाले हॉर्न बजाने पर हुआ विवाद, स्टेशन पर चाकू से गोदकर युवक की हत्या

ट्रेन में खिलौने वाले हॉर्न बजाने पर हुआ विवाद, स्टेशन पर चाकू से गोदकर युवक की हत्या

हरियाणा के हिसार रेलवे स्टेशन पर खिलौने वाला हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद में 18 वर्षीय करण की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उसके तीन दोस्त घायल हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Hisar Railway Station Murder, Haryana Crime News- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV हिसार में रेलवे स्टेशन पर एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई।

Highlights

  • हिसार रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर चाकू से हमला, 18 वर्षीय करण की मौत।
  • सालासर बालाजी मंदिर से लौट रहे चार दोस्तों पर ट्रेन में विवाद के बाद हमला।
  • खिलौने वाले हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुई थी बहस, आरोपी वारदात के बाद फरार।

हिसार: हरियाणा के हिसार रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके 3 दोस्त घायल हो गए। चारों राजस्थान के सालासर बालाजी मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, ट्रेन में खिलौने वाले हॉर्न बजाने को लेकर कुछ युवकों से विवाद हुआ था। हिसार स्टेशन पहुंचने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ट्रेन में विवाद करने वाले युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चारों पर चाकू और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

अस्पताल में करण को मृत घोषित किया गया

मृतक की पहचान 18 साल के करण के रूप में हुई है। उसके साथ घायल हुए 3 युवकों के नाम शुभम, मोनू और राहुल हैं। चारों हरियाणा के सिरसा जिले के जोधका गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि हमले के बाद चारों को हिसार के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने करण को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शुभम, मोनू और राहुल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सालासर बालाजी के दर्शन के लिए निकले थे युवक

पुलिस के मुताबिक, घायलों में से एक युवक ने बताया कि करण समेत जोधका गांव के करीब 25 युवक 18 अक्टूबर को पैदल सालासर बालाजी मंदिर के दर्शन करने निकले थे। शुक्रवार सुबह मंदिर में दर्शन करने के बाद सभी ने हिसार आने वाली ट्रेन पकड़ी। वे दर्शन करके वापस अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ट्रेन के अंदर ही कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया।

ट्रेन में खिलौने वाले हॉर्न बजाने पर शुरू हुआ विवाद

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, ट्रेन में 4-5 युवक खिलौने वाले हॉर्न बजा रहे थे। करण और उसके साथियों के अलावा एक महिला सहयात्री ने भी इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। आरोप है कि हॉर्न बजाने वाले युवकों ने महिला के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया और दूसरे यात्रियों को सबक सिखाने की धमकी दी। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते बाद में करण और उसके साथियों पर हमला किया गया।

हिसार स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, ट्रेन शुक्रवार शाम करीब 5:40 बजे हिसार रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद करण और उसके तीन साथी दूसरे प्लेटफॉर्म से सिरसा जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए फुट ओवरब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में विवाद करने वाले युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि उनके साथ 8-9 अन्य युवक भी शामिल हो गए और सभी ने मिलकर करण तथा उसके तीनों साथियों पर चाकू और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार

हिसार GRP के प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान करने और जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। बता दें कि कुछ दिन पहले हरियाणा के करनाल में 20 साल के एक युवक की उसके जन्मदिन के दिन ही चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: करनाल में चाकू गोदकर युवक की बेरहमी से हत्या, गर्दन-पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान