1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. रिटायर्ड क्लर्क ने उपराष्ट्रपति पद के लिए भरा नामांकन, लोकसभा, विधानसभा, राष्ट्रपति चुनाव में भी आजमा चुका किस्मत

रिटायर्ड क्लर्क ने उपराष्ट्रपति पद के लिए भरा नामांकन, लोकसभा, विधानसभा, राष्ट्रपति चुनाव में भी आजमा चुका किस्मत

जगत सिंह इससे पहले तीन बार राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर चुके हैं, लेकिन औपचारिकताएं पूरी नहीं कर पाने की वजह से हर बार नामांकन रद्द हुआ है।

Election commission- India TV Hindi
Image Source : DDNEWS.GOV.IN चुनाव आयोग

भिवानी: उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए और इंडिया गठबंधन ने अपने-अपने प्रत्याशियों को नाम का ऐलान कर दिया है और दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन भी दाखिल कर दिया है। वहीं हरियाणा से भी एक शख्स ने नामांकन दाखिल किया है। उस शख्स का नाम है जगत सिंह। जगत सिंह 71 साल के हैं और वे क्लर्क पद से रिटायर हुए हैं। 

तीन बार राष्ट्रपति चुनाव के लिए भर चुके नामांकन

जगत सिंह इससे पहले तीन बार राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर चुके हैं, लेकिन औपचारिकताएं पूरी नहीं कर पाने की वजह से हर बार नामांकन रद्द हुआ है। इतना ही नहीं वह पूर्व मे लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। 

2012 में बिजली निगम से हुए थे रिटायर

जगत सिंह मूल रूप से चांग गांव के रहनेवाले हैं। वे बिजली निगम में बतौर क्लर्क कार्यरत थे। बिजली निगम से साल 2012 में रिटायर हुए थे। अब उन्होंने उप राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन किया है। जगत सिंह ने कहा मैंने 36 साल दो माह बिजली विभाग में नौकरी की है और कभी भी किसी से कोई रिश्वत नहीं ली है। सच्चे दिल से लोगों का काम किया है।

 भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से भी लड़ चुके चुनाव

जगत सिंह ने बताया कि उन्होंने हिसार और भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से लोकसभा चुनाव में भी नामांकन किया था। इसके अलावा वह विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। जगत सिंह ने बताया कि एसवाईएल के मुद्दे को खत्म कर हरियाणा को उसके हिस्से का पानी दिलाना चाहते हैं। इसके अलावा कर्मचारियों की मुश्किलों को भी दूर करना चाहते हैं। रिटायर होने के बाद से अब तक जगत सिंह गांव चांग में फिलहाल रोजमर्रा के घरेलू काम करते हैं। फुर्सत के दौरान गांव में ग्रामीणों के साथ ताश के पत्तों की बाजी लगाकर अपनी दिनचर्या बिता रहे हैं।