इलाज के बहाने पति को मायके ले गई पत्नी, फिर प्रेमी संग मिलकर की हत्या; गिरफ्तार
फरीदाबाद में एक महिला ने अपने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसमें उसका प्रेमी भी शामिल हुआ। महिला अपने पति को इलाज के बहाने मायके लेकर गई थी।
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद शहर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के एनआईटी इलाके में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर एनआईटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि अधिकारी मृतक की पत्नी से पूछताछ कर रहे हैं। मृतक के पिता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। जानकारी के मुताबिक पत्नी ने अपनी गुनाह कबूल कर लिया है।
मायके ले जाकर की हत्या
दरअसल, कृष्णा नगर निवासी सूरजपाल ने पुलिस से मामले की शिकायत की। सूरजपाल की शिकायत के अनुसार, उनका बेटा अरुण एक निजी अस्पताल में सफाईकर्मी के रूप में काम करता था। अरुण को कई दिनों से बुखार था। गुरुवार को मृतक की पत्नी पूनम, अरुण का इलाज कराने के बहाने उसे एनआईटी 5 इलाके में अपने मायके ले गई। यहां उसने अपने प्रेमी को घर बुलाया और दवा लेने के बाद सो रहे अरुण की गला घोंटकर हत्या कर दी। शिकायत में दावा किया गया है कि उस समय घर पर कोई और नहीं था।
हत्या के बाद ससुर को किया फोन
सूरजपाल ने अपनी शिकायत में कहा, "अरुण की हत्या करने के बाद पूनम ने मुझे फोन करके बताया कि बीमारी के कारण उसकी मौत हो गई है। जब हम मौके पर पहुंचे तो मैंने अरुण की गर्दन पर गहरे निशान देखे। ऐसा लग रहा है कि बेल्ट से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है।" वहीं सूरजपाल की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पूनम और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने पत्नी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि पूनम को हिरासत में लिया गया, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जांच अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया, "परिवार के अनुसार, अरुण और पूनम की शादी सात साल पहले हुई थी। शादी के तुरंत बाद ही उनके बीच विवाद शुरू हो गया था। पूनम को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अरुण की हत्या में शामिल लोगों की पहचान पूछताछ के बाद ही सामने आएगी।" उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामले में जांच जारी है। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
98 साल के हुए लालकृष्ण आडवाणी, पीएम मोदी ने घर जाकर दी बधाई, जानिए बधाई संदेश पर क्या कहा?
