सोनीपत के गांव हरसाना में 5 अक्टूबर को पुष्पा नाम की यूट्यूबर का फांसी के फंदे पर शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुष्पा की मौत फांसी लगाने से नहीं हुई थी। पुष्पा की हत्या उसके यूट्यूबर प्रेमी ने ही की थी। पुलिस ने यूट्यूबर संदीप को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां पर अदालत ने संदीप को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने लगी थी महिला
जानकारी के अनुसार, जींद जिले की रहने वाली पुष्पा नाम की महिला यूट्यूबर की दोस्ती यूट्यूबर संदीप के साथ हो गई और वह अपने पति को छोड़कर गांव हरसाना में संदीप के मकान में रहने लगी। वह लगातार संदीप पर शादी का दबाव बनाने में लग गई लेकिन संदीप उससे लगातार शादी के लिए मना करता रहा और पांच अक्टूबर को संदीप ने पहले तो पुष्पा का गला दबाकर हत्या की और उसके बाद उसके शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया ताकि यह लगे कि उसने आत्महत्या की है।
विसरा रिपोर्ट से खुली पोल
विसरा रिपोर्ट और डॉक्टर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट एक समान आई कि उसकी हत्या गला घोंटने से हुई तो पुलिस ने संदीप को धर दबोचा और उसने पुलिस पूछताछ में कई बार पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। आखिरकार वह टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया कि उसने ही पुष्पा की हत्या की है और पुलिस ने उसे कोर्ट में पेशकर रिमांड पर लिया है और उससे अभी भी पूछताछ की जा रही है कि उसके साथ इस हत्या में कोई अन्य तो शामिल नहीं है।
पुलिस ने दी ये जानकारी
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने बताया कि पांच अक्टूबर को गांव हरसाना में पुष्पा नाम की महिला का शव खेतों में बने एक मकान में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था। इस मामले में डॉक्टर ने बताया कि उसकी हत्या की गई है। इस मामले में संदीप जोकि पुष्पा का साथी है उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुष्पा जींद जिले की रहने वाली थी और एक यूट्यूबर थी जबकि संदीप भी यूट्यूबर है। मृतक महिला पुष्पा अपने पति से अलग होकर यहां संदीप के पास रह रही थी।
रिपोर्ट- सन्नी मलिक, सोनीपत