1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. बंगाल चुनाव: अंतिम चरण में 15 करोड़पति उम्मीदवार मैदान में

बंगाल चुनाव: अंतिम चरण में 15 करोड़पति उम्मीदवार मैदान में

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के छठे और अंतिम चरण में चुनाव मैदान में उतरे 170 उम्मीदवारों में से कम से कम 33 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं, जबकि 15 उम्मीदवार करोड़पति हैं।

election- India TV Hindi
election

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के छठे और अंतिम चरण में चुनाव मैदान में उतरे 170 उम्मीदवारों में से कम से कम 33 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं, जबकि 15 उम्मीदवार करोड़पति हैं। पांच मई को पश्चिम बंगाल चुनाव के अंतिम चरण में कूच बिहार और पूर्वी मिदनापुर जिलों में फैले 25 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान होंगे।

'पश्चिम बंगाल इलेक्शन वॉच' द्वारा जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 33 उम्मीदवारों में से 27 पर हत्या सहित गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। तृणमूल ने आपराधिक पृष्ठभूमि के सर्वाधिक (सात) उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छह और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और फॉरवर्ड ब्लॉक ने दो-दो ऐसे उम्मीदवार खड़े किए हैं।

कूच बिहार के मेखलीगंज से उम्मीदवार भाजपा के धनीराम रे पर सबसे ज्यादा (118) मामले दर्ज हैं, जिनमें से 54 गंभीर मामले हैं। आठ उम्मीदवारों के साथ करोड़पति उम्मीदवारों के मामले में भी तृणमूल सबसे आगे है। जबकि कांग्रेस और फॉरवर्ड ब्लॉक दोनों के एक-एक करोड़पति उम्मीदवार हैं। इस चरण के उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 57.24 लाख रुपए आंकी गई है।

कांग्रेस के हेमांशु शेखर महापात्रा सबसे सम्पन्न उम्मीदवार हैं। उनकी संपत्ति 18 करोड़ रुपए से अधिक है। कुल मिलाकर 354 उम्मीदवारों ने अपने आपराधिक मामले घोषित किए हैं और राज्य के 294 निर्वाचन क्षेत्रों के 1,960 उम्मीदवारों में से 244 करोड़पति हैं।

Latest India News