1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. AIIMS में तोड़फोड़ मामले में 'आप' विधायक सोमनाथ भारती गिरफ्तार

AIIMS में तोड़फोड़ मामले में 'आप' विधायक सोमनाथ भारती गिरफ्तार

एम्स के सुरक्षाकर्मियों से मारपीट करने के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमनाथ भारती को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

somnath bharti- India TV Hindi
somnath bharti

नई दिल्ली: एम्स के सुरक्षाकर्मियों से मारपीट करने के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमनाथ भारती को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली के हौजखास इलाके में आप के विधायक सोमनाथ भारती के खिलाफ अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के मुख्य सुरक्षा अधिकारी आरएस रावत की शिकायत पर मारपीट और उपद्रव फैलाने का मामला दर्ज किया गया था।

अपनी लिखित शिकायत में रावत ने कहा था कि भारती ने 9 सितंबर को अपने समर्थकों के साथ एक जेसीबी मशीन लेकर एम्स पहुंचे और बाउंड्री वॉल पर लगी फेंसिंग हटाने लगे। इस दौरान जब वहां मौजूद गार्डों ने उन्हें बताया कि ये सरकारी संपत्ति है और यहां इस तरह की कार्रवाई नहीं की जा सकती है। आरोप है कि इस पर सोमनाथ और उनके समर्थकों ने गार्डों के साथ मारपीट की।

भारती और उनके समर्थकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और सार्वजनिक संपत्ति क्षति रोकथाम अधिनियम की धारा 147 दंगा करने, 148 घातक हथियारों के साथ दंगा करने, 186 लोकसेवकों के काम में बाधा डालने, 353 लोकसेवकों को रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल करने के तहत मामला दर्ज किया गया।

भारती ने हालांकि इन सभी आरोपों को गलत बताया था. उन्होंने कई सारे ट्वीट में कहा था, 'चैनलों ने यह गलत दिखाया है कि एम्स के सुरक्षाकर्मियों और निवासियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। विवादास्पद दीवार दोनों पक्षों के बीच थी।'

उन्होंने कहा, 'गौतम नगर, मस्जिद मोठ के सैकड़ों निवासी, हौज खास के एसएचओ और अन्य पुलिस अधिकारी दीवार को गिराए जाने के समय वहां मौजूद थे।' भारती ने ट्वीट किया, 'इस दीवार को गौतम नगर, मस्जिद मोठ, नीति बाग और वार्ड 164 के निवासियों के हित में गिराना होगा।'

Latest India News