1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. जीवन में बैलेंस बनाने की सीख देती है साइकिल: अखिलेश

जीवन में बैलेंस बनाने की सीख देती है साइकिल: अखिलेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि साइकिल चलाने से स्वास्थ्य ठीक रहता है और पर्यावरण पर भी कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता।

Akhilesh Yadav- India TV Hindi
Akhilesh Yadav

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि साइकिल चलाने से स्वास्थ्य ठीक रहता है और पर्यावरण पर भी कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार साइकिल को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

क्योंकि साइकिल चलाने से जीवन में बैलेंस बनाने की सीख मिलती है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को यहां अपने सरकारी आवास पर एक निजी समाचार पत्र द्वारा आयोजित 'लिव ग्रीन यूपी' कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। यादव ने स्कूली बच्चों के साथ साइकिल भी चलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा, "साइकिल हमें बैलेंस बनाने की सीख देती है और बैलेंस बनाकर ही हम समाज में कुछ बेहतर कर सकते हैं। इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से साइकिल के प्रति समाज को जागरूक किया जाना प्रशंसनीय है।

प्रदेश सरकार ने साइकिल चलाने वालों को ध्यान में रखते हुए लखनऊ सहित तमाम शहरों में साइकिल ट्रैक के निर्माण का कार्य शुरू किया है। कई स्थानों पर साइकिल ट्रैक चालू भी हो गए हैं।"  उन्होंने कहा कि लखनऊ में अब तक 100 किलोमीटर साइकिल ट्रैक का निर्माण हो चुका है और 200 किलोमीटर का लक्ष्य निर्धारित है।

अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ और आगरा को साइकिल फ्रेंडली नगर के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इसी तरह नोएडा व ग्रेटर नोएडा को भी साइकिल फ्रेंडली के रूप में बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर भी साइकिल ट्रैक का निर्माण कराया जाएगा, जिससे आने वाले पर्यटक साइकिल के प्रति आकर्षित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार ने अपने कार्यो से आमजन में अपनी पहचान बनाई है। इसी का परिणाम है कि विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की।

Latest India News