नई दिल्ली: सूखा प्रभावित राज्यों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शनिवार को बैठक हुई। इस बैठक में उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव ने प्रदेश में जल संकट से निपटने के संबंध में केद्र से 10,600 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मांगी है। प्रधानमंत्री के साथ इस बैठक में सीएम अखिलेश यादव के साथ राज्य के चीफ सेक्रेटरी आलोक रंजन भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान अखिलेश ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि राज्य के 55 जिले सूखे की मार से जूझ रहे हैं, वहां पानी पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार को संसाधनों की जरूरत है। इसके लिए उन्हें ट्रेन और टैंकर की जरूरत है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अखिलेश ने सूखा प्रभावित जिलों में राहत पहुंचाने के लिए केन्द्र से 10600 करोड़ रुपये के पैकेज की मांग की है।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश ने कहा हमने प्रधानमंत्री को सारी स्थिति से अवगत करा दिया है। हमने उन्हें बताया कि सूखे की आशंका को देखते हुए हमने पहले से ही इससे निपटने के इंतजाम शुरू कर दिए थे। इसलिए हालात इतने विकट नहीं हो पाए। अखिलेश ने बताया कि प्रधानमंत्री से टैंकरों के बारे में बात हुई जल्द ही वह मुहैया करा दिए जाएंगे तो सूखा प्रभावित इलाकों में पानी पहुंचाने की व्यवस्था हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि इस समय यूपी के कुल 75 में से 55 जिले सूखे से प्रभावित हैं। जिसमें अकेले बुंदेलखंड के 7 जिले हैं। प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ इस बैठक में कृषि मंत्री राधामोहन सिंह भी मौजूद रहे। वहीं सूखे से प्रभावित तीन राज्य उत्तर प्रदेश कर्नाटक और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक करेंगे ये तीनों बैठक अलग-अलग समय पर होंगी।
Latest India News