1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अखिलेश ने मायावती पर ली चुटकी, कहा- हमें 'पीके' मिल गई हैं और ये हैं बुआजी!

अखिलेश ने मायावती पर ली चुटकी, कहा- हमें 'पीके' मिल गई हैं और ये हैं बुआजी!

अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस ने तो प्रचार के लिए पी.के. (प्रशांत किशोर) को अपने साथ जोड़ा है, हमारे प्रचार के लिए भी 'पीके' मिल गई हैं और ये हैं बुआजी (मायावती)।

akhilesh yadav- India TV Hindi
akhilesh yadav

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री व बहुजन समाज पार्टी (BSP) की अध्यक्ष मायावती पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो प्रचार के लिए पी.के. (प्रशांत किशोर) को अपने साथ जोड़ा है, हमारे प्रचार के लिए भी 'पीके' मिल गई हैं और ये हैं बुआजी (मायावती)। अखिलेश ने कहा कि वो बता रही हैं कि एक्सप्रेसवे और मेट्रो उनके शुरू किए काम हैं। अगर ये काम 2008 में शुरू हुआ तो 2012 तक बना क्यों नहीं?"

अखिलेश यादव ने 'यूपी बजट 2016-17 पैनल परिचर्चा' के दौरान ये बात कही। वह इस परिचर्चा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बजट पर परिचर्चा के दौरान प्रमुख सचिव (वित्त) राहुल भटनागर और राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष मौजूद भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार हर क्षेत्र में काम कर रही है। यूपी के बजट में हर क्षेत्र का ध्यान रखा गया है।

अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार विकास के रास्ते पर चल रही है। यूपी में सबसे बड़ा एक्सप्रेस वे बनाया गया, जिससे किसानों को फायदा होगा। सरकार दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भी काम कर रही है। अखिलेश ने कहा कि उप्र में कंपनियां निवेश कर रही हैं। निवेशकों को सुविधाएं दी जा रही हैं। सरकार ने जेपी ग्रुप से 25 हजार एकड़ जमीन वापस ली है।

उन्होंने कहा कि एचसीएल नोएडा से बाहर लखनऊ आई, अगली सरकार बनी तो एचसीएल बुंदेलखंड और पूर्वाचल भी पहुंचेगी। लखनऊ में जल्द मेट्रो आ रही है। मेट्रो के आने से बिजनेस बढ़ेगा। परिचर्चा में बैंक, हेल्थ, सिविल सोसाइटी के एक्सपर्ट, लखनऊ विश्वविद्यालय के एमबीए और इकोनॉमिक्स के छात्र मौजूद रहे। परिचर्चा लखनऊ विश्वविद्यालय की तरफ से आयोजित की गई थी।

Latest India News