नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता तथा पूर्व राज्य सभा सदस्य अमर सिंह का कहना है कि बॉलीवुड शहंशाह असल जिंदगी में काफी डरपोक किस्म के इंसान हैं। बीबीसी हिंदी से बातचीत में उन्होंने कहा, "वे क़ानून से बहुत डरते हैं। और जो उनकी स्क्रीन इमेज है एंग्री यंग मैन वाली, एक सामान्य आयकर अधिकारी की एक छोटी सी नोटिस उनकी अवस्था ख़राब कर देती है।"
अमर सिंह ने पनामा पेपर लीक में अमिताभ बच्चन का नाम आने पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में यह बयान दिया।
अमर सिंह कहते हैं, "क़ानून की नज़र में किसी अपराध के बारे में अज्ञानता हो तो भी वो क्षम्य नहीं है। ये अमिताभ का भोलापन भी हो सकता है, ये भी हो सकता है कि वो भूल गए हों या फिर ये भी संभव है कि उनके चार्टड अकाउंटेंट या किसी नज़दीकी व्यक्ति ने उनसे किसी काग़ज़ पर दस्तख़त करा लिए हों।"
गौरतलब है कि कुछ साल पहले तक अमर सिंह और अमिताभ बच्चन के परिवार में बेहद घनिष्ठता थी। अमर सिंह की वजह से ही अमिताभ बच्चन को उत्तर प्रदेश का ब्रांड एंबेसेडर जैसा रुतबा मिला हुआ था।
'यूपी में है दम, क्योंकि यहां अपराध है कम', जैसे विज्ञापन में भी अमर सिंह की वजह से ही अमिताभ बच्चन दिखे थे। कहा जाता है कि अमर सिंह की वजह से ही जया बच्चन को राज्यसभा भेजा गया था।
लेकिन राजनीतिक समीकरणों के चलते अमर सिंह और मुलायम सिंह के बीच दूरियां बढ़ती चली गईं और उन्होंने समाजवादी पार्टी का साथ छोड़ अपना अलग दल बनाने की कोशिश की। हालांकि ऐसा नही हो सका।
दरअसल, अमर सिंह के समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद बच्चन परिवार से उनके रिश्ते काफी खराब हो गए और वो अब वो बच्चन के बारे में टिप्पणी करने से परहेज नही करते हैं।
Latest India News