नई दिल्ली: बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने 2007 से 2012 तक बतौर मुख्यमंत्री पांच साल का कार्यकाल पूरा कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया। मायावती स्वतंत्र भारत में उत्तर प्रदेश की पहली ऐसी मुख्यमंत्री रहीं जिन्हें लगातार पांच साल तक इस पद पर बने रहने का गौरव प्राप्त हुआ।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मायावती से पहले राज्य के दूसरे मुख्यमंत्री संपूर्णानंद ही पांच साल का कार्यकाल पूरा कर पाए थे। हालांकि 1954 से 1960 तक उनके कार्यकाल के बीच में 1957 में विधानसभा का चुनाव हुआ था और उसमें कांग्रेस को जीत मिली थी। इस जीत के बाद संपूर्णानंद को एकबार फिर विधायक दल का नेता चुना गया था। तकनीकी तौर पर संपूर्णानंद का कार्यकाल भी लगातार पांच साल तक सीएम बने रहने का नहीं था। इस रिकॉर्ड को पहली बार मायावती ने कायम किया और 2007 से 2012 तक लगातार पांच साल उत्तर प्रदेश के सीएम के तौर पर कार्य किया।
दरअसल 1960 से लेकर 2007 तक यूपी में कोई ऐसा सीएम नहीं हो पाया जिसने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया हो या जो लगातार पांच साल तक इस पद पर बना रहा हो। करीब 47 साल के अंतराल पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने यह कारनामा कर दिखाया और यूपी ही नहीं बल्कि देश की राजनीति में अपनी एक नई पहचान कायम करने में कामयाब रहीं।
इस 47 साल के दौरान ज्यादातर समय तक कांग्रेस सत्ता में रही लेकिन उसके सीएम आते रहे और जाते रहे। कोई डेढ़ साल तो कोई ढाई साल। बाद में अन्य दलों की सरकार भी सत्ता में आई लेकिन स्पष्ट बहुमत के अभाव में सरकारें ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाईं। 1991 में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई लेकिन 6 दिसंबर 1992 की घटना के बाद तत्कालीन केंद्र सरकार ने कल्याण सिंह सरकार को बर्खास्त कर दिया था।
Latest India News