नई दिल्ली: नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर संसद में हंगामे व गतिरोध के बीच वित्तमंत्री अरूण जेटली ने आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि भारत ने यह कभी नहीं स्वीकार नही किया कि महारानी कानून के प्रति जवाबदेह नहीं है।
जेटली ने सोनिया व कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि संसद के काम में बाधा खड़ी करने के बजाय मामले को कानूनी तरीके से लड़ें। वित्तमंत्री ने आज फेसबुक पर अपनी एक पोस्ट में कांग्रेस के इस आरोप को भी खारिज किया है कि इस मामले में राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम किया जा रहा है। जेटली के अनुसार सरकार ने इस संबंध में कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की है।
गौरतलब है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया था कि नेशनल हेराल्ड मामले में सत्तारूढ़ भाजपा राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है और कहा कि वह इससे डरने वाले नहीं हैं और केंद्र की राजग सरकार पर दबाव बनाने के लिए सवाल पूछते रहेंगे।
Latest India News