1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अरविंद सुब्रमण्यम के बचाव में आए वित्त मंत्री अरुण जेटली

अरविंद सुब्रमण्यम के बचाव में आए वित्त मंत्री अरुण जेटली

अरुण जेटली ने कहा, सरकार को मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यम में पूरा भरोसा है। समय-समय पर उनकी सलाह सरकार के लिए काफी मूल्यवान रही है।

Arun Jaitley- India TV Hindi
Arun Jaitley

नई दिल्ली: वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आज मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यम पर सुब्रमण्यम स्वामी के हमले को दरकिनार करते हुए यह कहकर उनका बचाव किया कि सरकार को उन पर पूरा भरोसा है और उनकी सलाह सरकार के लिये काफी अहम होती है। जेटली ने कहा, सरकार को मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यम में पूरा भरोसा है। समय-समय पर उनकी सलाह सरकार के लिए काफी मूल्यवान रही है।

अरुण जेटली ने सुब्रमण्यम का बचाव करते हुए कहा, दरअसल, अभी-अभी कपड़ा एवं परिधान क्षेत्र के बारे में जो प्रस्तुति (मंत्रिमंडल के फैसले पर मीडिया ब्रीफिंग में) वह उनके सक्रिय परामर्श के साथ तैयार किया गया था।

रिजर्व बैंक प्रमुख रघुराम राजन के बाद अब मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यम भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी के निशाने पर आये हैं। स्वामी ने आज सुबह अपने कई ट्वीट में सुब्रमण्यम को अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष में सेवा के दौरान आर्थिक मामलों में कथित तौर पर भारत विरोधी पहलों के मद्देनजर पद से हटाने की मांग की।

भारतीय जनता पार्टी ने खुद को स्वामी के ताजा हमलों से अलग रखा है। जेटली ने इसका हवाला देते हुए कहा कि खुद पार्टी स्वामी की राय से इत्तफाक नहीं रखती। उन्होंने कहा, पार्टी ने कहा कि वह स्वामी के विचार से इत्तफाक नहीं रखती।

जेटली ने कहा कि वह भी एक तथ्य जोड़ेंगे और फिर एक सवाल उठायेंगे कि भारतीय राजनीतिग्यों के अनुशासन के लिहाज से ऐसे लोगों पर हम किस हद तक निशाना साध सकते हैं जिनका पद और कार्यालय अनुशासन उन्हें जवाब देने से रोकता है। और यह एक बार से अधिक हुआ है।

एक संवाददाता द्वारा यह पूछने पर कि क्या स्वामी जैसे लोगों पर लगाम नहीं लगाया जाना चाहिए, जेटली ने पलटकर कहा, सुझाव के लिये शुक्रिया।

Latest India News