नई दिल्ली: अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल जेपी राजखोवा को बर्खास्त कर दिया गया है। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के आदेश पर सोमवार की शाम को उन्हें पद से हटा दिया गया। मेघालय के राज्यपाल वी. शंमुगनाथन को अरुणाचल प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। खबरों के मुताबिक, राजखोवा से केंद्र सरकार ने 31 अगस्त तक इस्तीफा देने को कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था। राजखोवा ने कहा था कि राष्ट्रपति चाहें तो उन्हें बर्खास्त कर दें।
इससे पहले 13 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने जेपी राजखोवा की सिफारिश पर बर्खास्त की गई अरुणाचल की कांग्रेस सरकार को दोबारा बहाल किया था। कोर्ट ने राजखोवा के सारे फैसलों को अमान्य कर दिया था और राज्य में 15 दिसंबर 2015 के पहले वाली स्थिति बरकरार रखने का आदेश दिया था। साथ ही कोर्ट ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश को 'असंवैधानिक' बताया था।
वहीं, राजखोवा ने कहा था कि केंद्र सरकार ने 'स्वास्थ्य कारणों' के चलते उनसे पद छोड़ने के लिए कहा था, लेकिन उनहोंने पद से हटने से इनकार कर दिया था। एक लोकल चैनल से बातचीत में राजखोवा ने कहा था, 'मैं चाहता हूं कि राष्ट्रपति मुझे बर्खास्त कर दें, मैं खुद इस्तीफा नहीं दूंगा। उनको अपनी नाखुशी जाहिर करने दें। केंद्र सरकार संविधान की धारा 156 का इस्तेमाल करे।' नौकरशाह रहे राजखोवा को सरकार ने मई 2015 में राज्यपाल बनाया था।
Latest India News