श्रीनगर: कश्मीर घाटी में सोमवार को लगातार 58वें दिन भी बंद की स्थिति है। कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "घाटी में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। आज (सोमवार) कहीं भी कर्फ्यू नहीं होगा।"
घाटी में रविवार को हुई हिंसक झड़पों में प्रदर्शनकारियों व सुरक्षाकर्मियों सहित 200 से अधिक घायल हो गए।
इस बीच, अलगाववादियों ने कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर रविवार को यहां पहुंचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से मिलने से मना कर दिया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य शरद यादव, सीताराम येचुरी और डी. राजा जब अलगाववादी नेता सैयद अली गिलानी के श्रीनगर में हैदरपोरा स्थित घर उनसे मिलने पहुंचे तो उन्होंने दरवाजा तक खोलने से मना कर दिया।
मीरवाइज उमर फारूक, शब्बीर अहमद शाह तथा यासीन मलिक ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल विपक्षी दलों के सदस्यों से मुलाकात तो की, लेकिन मौजूदा हालात में बातचीत से इनकार कर दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में यहां पहुंचे प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती व उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों से विस्तृत वार्ता हुई।
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित व विपक्ष के अन्य नेताओं से भी प्रतिनिधिमंडल की विस्तृत वार्ता हुई।
लद्दाख के करगिल जिले से भी नागरिक समाज का एक प्रतिनिधिमंडल श्रीनगर में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से मिला।
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जम्मू का दौरा करेगा।
Latest India News