बेरूत: फ्रांस की ओर से देर रात की गयी कार्रवाई में सीरिया में इस्लामिक स्टेट समूह के गढ़ में हवाई हमले कर उसके आयुध भंडार और एक प्रशिक्षण शिविर को निशाना बनाया गया। सीरियन ऑब्जरवेट्री फॉर ह्यूमन राइट्स के निदेशक रमी अब्देल रहमान ने बताया, रका शहर में देर रात कम से कम 36 विस्फोट हुए, जिनमें से कुछ हवाई हमलों से हुए और कुछ विस्फोटक सामग्री और हथियारों के हमलों की चपेट में आने के हुए।
फ्रांसीसी हवाई हमलों से पूरा रका शहर थर्रा उठा
रहमान ने बताया, विस्फोट से पूरा शहर थर्रा उठा। रका के उत्तरी और दक्षिणी दोनों हिस्सों में हमले किए गए। अब्देल रहमान ने बताया कि माना जाता है कि यह हमला फ्रांसीसी विमानों से किया गया। जिन जगहों को निशाना बनाया गया उनमें ब्रिगेड 17, आयुध भंडार सहित एक सैन्य पड़ाव और एक प्रशिक्षण केंद्र शामिल है।
ISIS ने शहर में अपने आतंकियों की संख्या बढ़ाई
ब्रिटेन स्थित निगरानी संस्था ने हालांकि इन हमलों में हताहत हुए लोगों की तत्काल कोई पुष्टि नहीं की। अब्देल रहमान ने बताया, आईएस शहर पर सुरक्षा चौकसी बरत रहा है और इसी कारण वहां के अस्पतालों से हताहतों की जानकारी की पुष्टि होना मुश्किल है। रका शहर आईएस के स्वघोषित और सीरिया तथा पड़ोसी इराक के कुछ हिस्सों पर अपने कब्जे वाले खिलाफत की राजधानी है।
पेरिस पर आतंकवादी हमले के बाद फ्रांस ने किया जवाबी हमला
इससे पहले पेरिस पर हुए आतंकी हमले के बाद फ्रांस ने सख्त रुख अपनाते हुए ISIS आतंकियों के खिलाफ सीरिया में कार्रवाई तेज कर दी थी। फ्रांस ने रका इलाके में ISIS के ठिकानों पर 10 फाइटर जेट से 20 बम बरसाए। हमले में ISIS का कमांड सेंटर, डिपो और शिविर तबाह हो गए थे। गौरतलब है कि पेरिस में हुए आतंकी हमले में अब तक 132 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को ही 3 लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हमले में 300 से ज्यादा लोग घायल भी हुए थे जिनमें से 90 से ज्यादा की हालत अब भी गंभीर है।
Latest World News