नई दिल्ली: पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ टिप्पणी के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पलटवार करते हुए BJP ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में हार का डर JDU नेताओं को अभद्र भाषा का प्रयोग करने तथा BJP नेताओं के खिलाफ निराधार आरोप लगाने को मजबूर कर रहा है।
अमित शाह के खिलाफ नीतीश के आक्षेपों के जवाब में रविवार को जारी बयान में बीजेपी ने कहा कि RJD-JDU के नेता बिहार चुनाव में हार की आशंका की बौखलाहट में BJP नेताओं की छवि खराब कर रहे हैं।
बयान में कहा गया है, बिहार चुनाव से पहले BJP की बढ़ती लोकप्रियता ने दमन के प्रतीक JDU और 'जंगल राज' के प्रणेता RJD में बौखलाहट पैदा कर दी है, उनका चुनावी जनाधार सिमट रहा है, इसलिए उनके नेता BJP के खिलाफ झूठे और निराधार आरोप लगा रहे हैं तथा असंसदीय भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
अमित शाह के खिलाफ नीतीश के आरोपों को खारिज करते हुए BJP ने कहा कि कांग्रेस ने जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर उन्हें जिन मामलों में फंसाया था, अदालत ने सभी में उन्हें बरी कर दिया है।
नीतीश पर हमला बोलते हुए BJP ने सवाल किया, क्या नीतीश कुमार चारा घोटाला को भ्रष्टाचार का मामला नहीं मानते हैं? क्या वह भूल गए हैं कि न सिर्फ लालू यादव, बल्कि RJD के विभिन्न विधायकों की आपराधिक पृष्ठभूमि है? क्या वह बिहार को फिर से जंगल राज की ओर ले जाना चाहते हैं?
Latest India News