पटना: बिहार चुनाव के तीसरे चरण में आज 6 जिलों की विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इन 6 जिलों में बक्सर, भोजपुर, पटना, नालंदा, सारण और वैशाली शामिल है। पहले चरण में 49, दूसरे में 32 के बाद तीसरे चरण में 50 सीटों पर चुनाव के साथ ही विधानसभा की आधी से ज्यादा सीटों (131) का मुकाबला पूरा हो जाएगा।
यह निर्णायक चरण भी है। इस मोर्चे पर जो बाजी मार लेगा उसके लिए आगे की लड़ाई आसान हो जाएगी। आज पटना जिले की 14, नालंदा की 7, भोजपुर की 7, बक्सर की 4, सारण की 10 और वैशाली की 8 सीटों पर चुनाव होना है।
808 उम्मीदवार चुनावी मैदान में
इस चरण में 808 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जिसमें 283 निर्दलीय हैं। पुरूष उम्मीदवार 737 और महिला उम्मीदवार 71 हैं। कुल मतदान केंद्र 13,648 है। तीसरे चरण में कुल मतदाताओं की संख्या 14518705 है। जिनमें 7831388 पुरूष, 6686718 महिला, 507188 युवा और 599 थर्ड जेंडर मतदाता है।
लालू के बेटों के राजनीतिक भविष्य का होगा फैसला
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव के राजनीतिक भविष्य का फैसला इसी चुनाव से तय होगा। तेजप्रताप महुआ से चुनाव लड़ रहे है और उनकी टक्कर सीधे तौर पर एनडीए कैंडीडेट से होनी है। वहीं, लालू के छोटे बेटे तेजस्वी प्रसाद यादव राघोपुर से चुनावी मैदान में उतरे है। उनका मुकाबला जेडीयू से टिकट कटने के बाद बीजेपी का दामन थाम टिकट पाने वाले सतीश कुमार से है।
दांव पर कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा
बिहार की सियासत के कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा सीधे दांव पर है। कईयों का सियासी भविष्य इसी चरण में तय होना है। छह जिलों में 50 सीटों वाले तीसरे चरण के निबटने से विधानसभा की आधी से अधिक सीटों का मुकाबला हो जाएगा। इस तरह यह निर्णायक चरण भी है।
Latest India News