नई दिल्ली: नाराज बीजेपी सांसद कीर्ति आजाद पर अब कार्रवाई कर सकती है। डीडीसीए मामले में वित्त मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ मोर्चा खोलने के लिए पार्टी आजाद से गुस्से में है। उनकी इस हरकत को पार्टी विरोधी गतिविधि के तौर पर देखा जा रहा है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक शीतकालीन सत्र खत्म होने के बाद कीर्ति आजाद को पार्टी कारण बताओ नोटिस दे सकती है। बुधवार को शीत सत्र का अंतिम दिन है। ऐसे में सरकार नहीं चाहती कि सत्र के दौरान किसी तरह का नया विवाद पैदा हो और अंतिम दो दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ जाएं। सरकार की प्राथमिकता इन दो दिनों में कुछ अहम विधेयकों को पारित कराना है।
वहीं आज दिल्ली में बीजेपी संसदीय दल की बैठक हुई जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी भी पहुंचे। मोदी के साथ अरुण जेटली भी थे। इसके अलावा मीटिंग में वेंकैया नायडू, राजीव प्रताप रूड़ी, जितेंद्र सिंह भी मोदी के साथ यहां पहुंचे। लेकिन खास बात ये रही कि जेटली पर हमला बोल रहे सांसद कीर्ति आजाद नदारद रहे।
डीडीसीए में कथित गड़बड़ियों को लेकर बीजेपी सांसद कीर्ति आजाद भी अरुण जेटली पर सवाल उठा चुके हैं। कुछ दिन पहले कीर्ति आजाद ने अठाईस मिनट का एक वीडियो दिखाया था, जिसमें दावा किया गया कि डीडीसीए के कई ठेके ऐसे कंपनियों को दिए गए जिनका वजूद सिर्फ कागजों पर था। इन फर्जी कंपनियों को चेक के बजाए कैश में भुगतान किए गए। वीडियो दिखाने के बाद कीर्ति आजाद ने ईडी और डीआरआई से मामले की जांच कराने की मांग की थी।
और तो और, कीर्ति आज़ाद ने अभद्र शब्दों का इस्तेमाल कर ट्विटर के ज़रिए इशारों में जेटली पर निशाना साधा था और फिर सफाई दी थी कि उनका ट्विटर हैंक हो गया था। ये सफाई बीजेपी के गले नहीं उतर रही। बीजेपी का कहना है कि ट्विटर हैक होने की बात बताने में उन्हें चौबीस घंटे क्यों लग गए?
Latest India News