नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी के रोड शो के दौरान उन पर एक व्यक्ति द्वारा जूता फेंके जाने की घटना की आज भाजपा ने निंदा की लेकिन कांग्रेस नेता को सुझाव दिया वह डॉक्टर की सलाह लें और हर चीज के लिए भाजपा और संघ को जिम्मेदार ठहराकर ओछी राजनीति नहीं करें। सीतापुर में राहुल के रोड शो के दौरान उनपर जूता फेंका गया था। इसके बाद उन्होंने इसके लिए भाजपा-संघ को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वह इस तरह की चीजों से नहीं रुकने वाले।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा, हम जूता फेंके जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हैं और बिना किसी आधार के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर हर चीज की जिम्मेदारी डालने वाला आपके बयान की हम और ज्यादा कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा, यह आपके मानसिक दिवालियापन की पराकाष्ठा है। हम आपको सलाह देंगे कि अच्छे डॉक्टर को दिखाएं। शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को विरोध का अधिकार है, लेकिन विरोध करने के तरीके होते हैं। भाजपा घटना की निंदा करती है और इस तरह का विरोध प्रदर्शन उसके लिए अस्वीकार्य है।
उन्होंने कहा, लेकिन इसके बाद राहुल गांधी ने जो बयान दिया, वो शर्मनाक है। हम जानते हैं कि उनकी तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा, इसलिए वह हताश हैं और असहज हैं। शर्मा के अनुसार, हमें लगता है कि आप अरविंद केजरीवाल से प्रेरित होकर इस तरह के बयान दे रहे हैं। दिल्ली की जनता उनसे बहुत नाखुश है और आपके इस तरह के बयान से आपने लोगों को निराश किया है जो आपसे पहले ही खिन्न हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की खाट सभाएं विफल साबित हो रहीं हैं। सीतापुर में शास्त्रीनगर के रहने वाले हरिओम शर्मा नामक युवक ने राहुल पर जूता फेंका जहां से वह अपना रोडशो शुरू करने वाले थे। हालांकि जूता उन्हें नहीं लगा। पुलिस ने युवक को तत्काल हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।
कांग्रेस ब्रीफिंग में पार्टी प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने भी भाजपा-संघ पर इस तरह की हरकतें करके सस्ती राजनीति करने का आरोप लगाया।
Latest India News