नई दिल्ली: असम में बीजेपी के चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री के तौर पर सर्बानंद सोनोवाल ने शपथ ग्रहण की। इसके कुछ ही देर बाद पूर्वोतर राज्यो के विकास के लिए कांग्रेस विरोधी दलों का एक गुट बनाया। इसका नाम पूर्वोतर जनतांत्रिक गठबंधन रखा गया। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
सूत्रों का कहना है कि इसका गठन शाह की अध्यक्षता में हुई मीटिंग के बाद किया गया। बैठक में असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के अलावा अरूणाचल प्रदेश, मेघालय और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि असम सरकार के मंत्री हिमंत बिस्व शर्मा को गठबंधन का संयोजक नियुक्त किया गया है।
असम में सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, समूचे पूर्वोत्तर क्षेत्र के समग्र विकास में असम केन्द्र बिंदु के रूप में उभरेगा। यह क्षेत्र हमारी पूर्व में काम करो नीति के एक हिस्से के तौर पर देश का मजबूत विकसित हिस्सा बनेगा।
पीएम ने कहा, देश के सभी हिस्सों में चौतरफा और संतुलित विकास करने के बारे में हमारे पास सोच है। हम शांत होकर चुपचाप नहीं बैठ सकते हैं यदि देश का केवल पश्चिमी हिस्सा प्रगति करता है और पूर्वी हिस्सा पीछे रह जाता है। हम असम, बंगाल, बिहार, ओडिशा और समूचे पूर्वोत्तर क्षेत्र का विकास करने को प्रतिबद्ध हैं।
Latest India News