1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. गुजरात में पाटीदार आंदोलन से हिल गई भाजपा की हुकूमत: नीतीश

गुजरात में पाटीदार आंदोलन से हिल गई भाजपा की हुकूमत: नीतीश

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां गुरुवार को कहा कि गुजरात में पाटीदारों के आंदोलन की जब से शुरुआत हुई है, तभी से वहां की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हुकूमत हिल गई

nitish kumar- India TV Hindi
nitish kumar

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां गुरुवार को कहा कि गुजरात में पाटीदारों के आंदोलन की जब से शुरुआत हुई है, तभी से वहां की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हुकूमत हिल गई है। उन्होंने कहा कि गुजरात में हालात बिगड़ते जा रहे हैं, जिस कारण मुख्यमंत्री बदलकर उसे संभालने की कोशिश की जा रही है।

पटना में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने राज्यसभा से जीएसटी विधेयक के पास होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि यह विधेयक बिहार के लिए फायदेमंद है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस विधेयक से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरा कर इसे जल्द लागू करे।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के पाकिस्तान दौरे के विषय में पूछे जाने पर जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा, "विदेश मामलों में हम सभी केंद्र सरकार का समर्थन करते हैं। पहल तो उनको करनी है। लोकसभा चुनाव के दौरान तो वे लोग बड़ी-बड़ी बातें करते थे, लेकिन अब न जाने कैसे बदल गए।"

गुजरात में मुख्यमंत्री बदले जाने के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक मामला है, लेकिन वहां हाल के दिनों में दलितों पर जो अत्याचार हुआ, उससे जनता में जबरदस्त आक्रोश है।

Latest India News