नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ओ.पी.शर्मा को आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक अलका लांबा के बारे में अभद्र टिप्पणी करने के लिए दिल्ली विधानसभा के पूरे शीतकालीन सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है।
शर्मा भाजपा के दिल्ली के तीन विधायकों में से एक हैं। उन्हें सदन से निलंबित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। शीतकालीन सत्र का समापन 28 नवंबर को होगा।
दिल्ली भाजपा के विधायक ओपी शर्मा को रैन बसेरों पर चर्चा के दौरान आप विधायक अलका लांबा के खिलाफ अशोभनीय भाषा का उपयोग करने के कारण निलंबित किया गया है।
इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने शर्मा को गुरुवार तक के लिए निलंबित कर दिया था जबकि आप की महिला विधायकों की मांग थी कि उन्हें पूरे शीतकालीन सत्र के लिए निलंबित किया जाना चाहिए।
नारेबाजी करते हुए आप की महिला विधायकों ने यह भी मांग की थी कि शर्मा या विपक्ष के नेता विजेन्द्र गुप्ता को टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी धमकी दी थी कि यदि उनकी मांग नहीं मांगी गयी तो वे सदन में नहीं आएंगी।
शर्मा ने यह टिप्पणी विजेन्द्र गुप्ता के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए उस समय की जब अलका लांबा ने चर्चा में हस्तक्षेप किया।
Latest India News