नई दिल्ली: ISIS माड्यूल के कथित रूप से सदस्य होने को लेकर गिरफ्तार हुए लोगों को कानूनी मदद पहुंचाने के फैसले पर AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की आलोचना करते हुए भाजपा ने रविवार को उनपर देश के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया और आतंकवादी समूह की मदद करने के सिलसिले में उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आरोप लगाया कि ओवैसी आतंकवादियों को आक्सिजन दे रहे हैं और वह उग्रवादियों के साथ खड़े दिख रहे हैं। भाजपा के राष्टूीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा, ओवैसी सीधे या परोक्ष रूप से ISIS की मदद कर रहे हैं जिसने एक वीडियो पेश किया है जिसमें भारत को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। यह देश के साथ विश्वासघात है। एक तरफ आप ISIS की निंदा करते हैं और दूसरी तरफ आप उनका समर्थन करते हैं जो इस तरह के कृत्यों में संलिप्त हैं।
शर्मा ने कहा, जांच एजेंसियों को कानूनी दायरे में उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। जो प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से आतंकवाद का समर्थन करते हैं उनकी निंदा की जानी चाहिए। नकवी ने कहा, राजनीति में किसी को इतने नीचे नहीं आना चाहिए कि वह आतंकवाद और उसका समर्थन करने वाले के साथ खड़े दिखे।
उन्होंने कहा, जो इस तरह का बयान दे रहे हैं वे आतंकवाद को आक्सिजन दे रहे हैं। आप सियासत करें लेकिन उन कार्रवाइयों से परहेज करें जिससे ऐसा लगे कि आप आतंकवाद का समर्थन कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा कि कुछ करने से पहले ओवैसी को उसके विभिन्न पहलुओं की परख कर लेनी चाहिए थी क्योंकि सबूत इशारा कर रहे हैं कि गिरफ्तार युवक रमजान के दौरान आतंकवाद संबंधित गतिविधियां संचालित करने की कथित रूप से योजना बना रहे थे।
Latest India News