लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मैनपुरी में कल सपा नेता तोताराम यादव की गिरफ्तारी को राजनीतिक नौटंकी करार दिया है। भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने आज कहा, तोताराम की गिरफ्तारी राजनीतिक नौटंकी की पराकाष्ठा है।
उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकार में किंचित मात्र भी निष्पक्षता थी तो पंचायत चुनाव के दौरान प्राथमिकी होने के इतने समय बाद गिरफ्तारी क्यों की गयी? तोताराम का राज्य मंत्री पद से त्यागपत्र क्यों नहीं लिया गया? गिरफ्तारी के तुरंत बाद रिहाई का नाटक क्यों? श्रीवास्तव ने नसीहत दी कि प्रदेश की सपा सरकार को स्वच्छ छवि बनाने के लिए निष्पक्षता से कार्य करना होगा।
दरअसल तोताराम कल सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव के साथ एक कार्यक्रम में शामिल हुए और उसके तुरंत बाद ही मैनपुरी पुलिस ने उन्हें बूथ कैप्चरिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। तोताराम को बहरहाल चिकित्सकीय आधार पर निजी मुचलके पर तुरंत ही रिहा कर दिया गया।
Latest India News