नई दिल्ली: भाजपा ने पार्टी महासचिव राम माधव के अखंड भारत वाले बयान से खुद को अलग कर लिया और सफाई दी कि माधव को अपनी राय जाहिर करने का हक है लेकिन पार्टी और सरकार के लिए भारत और पाकिस्तान दो संप्रभु देश हैं। बहरहाल, कांग्रेस ने भाजपा के वरिष्ठ नेता माधव के बयान को खूब आड़े हाथ लिया।
कांग्रेस ने कहा कि भगवा पार्टी को अपने इस लक्ष्य को पाने के लिए हृदय प्रतिरोपण कराने की जरूरत पड़ेगी । वहीं, माकपा ने अखंड भारत पर माधव की टिप्पणी को पाकिस्तान के साथ शुरू हुई बातचीत को पटरी से उतारने का निश्चित तरीका करार दिया।
इस मुद्दे पर कई सवालों के जवाब में भाजपा प्रवक्ता एम जे अकबर ने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से 1999 में लाहौर में दिए गए भाषण की याद दिलाई जिसमें उन्होेंने कहा था कि भारत और पाकिस्तान संप्रभु राष्ट्रों के तौर पर वार्ता करते हैं । अकबर ने कहा, और वह तथ्य तो तथ्य है।
यह पूछे जाने पर कि जब पार्टी और सरकार का रख इतना साफ है तो फिर एक अहम महासचिव ने ऐसे बयान क्यों दिए, इस पर उन्होंने कहा, माधव एक सवाल का जवाब दे रहे थे.....उन्हें अपनी राय जाहिर करने का पूरा हक है । लेकिन सरकार के रख पर किसी स्पष्टीकरण की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस ने माधव के अखंड भारत के विचार, जिसमें मौजूदा पाकिस्तान और बांग्लादेश शामिल होंगे, को शानदार करार दिया, लेकिन यह भी कहा कि इसके लिए भाजपा को बड़े दिल की जरूरत पड़ेगी।
Latest India News