श्रीनगर: हुर्रियत कॉन्फ्रेंस ने आज कहा कि कश्मीर के अलगाववादी नेताओं के खिलाफ केंद्र की ओर से कड़े कदम उठाने संबंधी खबरें भारत की जनता को बेवकूफ बनाने और गुमराह करने का प्रयास हैं।
मीरवाइज उमर फारूक की अगुवाई वाले हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के उदारवादी धड़े के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, इन तरकीबों का मकसद भारत के लोगों को बेवकूफ बनाना और गुमराह करना है तथा ऐसा माहौल तैयार करना है ताकि भारत की जनता का ध्यान जमीनी स्तर के वास्तविक मुद्दे से भटकाए जाए और उनको इस बारे में बेखबर रखा जाए।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
उन्होंने कहा कि हुर्रियत उन बकवास बातों और झूठ को सिरे से खारिज करता है जो प्रतिरोधी (अलगाववादी) नेतृत्व के खिलाफ मीडिया द्वारा फैलाया जा रहा है। प्रवक्ता ने कहा, कश्मीर के लोगों के लिए यह कोई हैरानी की बात नहीं है जो हर दिन दुनिया के तथाकथित सबसे बड़े लोकतंत्र के असली चेहरे से रूबरू होते हैं और इसकी मार को सहते हैं। वे जानते हैं कि यह कितना नीचे गिर सकता है और यह कितना जवाबी हिंसा कर सकता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को अलगाववादी नेताओं को दी गई सुविधाओं के ब्यौरे के साथ सामने आना चाहिए। प्रवक्ता ने कहा कि कुछ नेताओं को खतरे के सरकार के आकलन के आधार पर पुलिस की सुरक्षा प्रदान की गई है।
Latest India News