नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते चंद्र कुमार बोस चुनाव लड़ेंगे। चंद्रबोस को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया है।
मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। स्मृति ईरानी ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस भारतीय जनता पार्टी के टिकट से ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि चंद्र कुमार बोस कुछ समय पहले ही बीजेपी में शामिल हुए है।
भाजपा इस बार के चुनावों में पश्चिम बंगाल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। बोस ने कहा कि लोगों ने 2011 में जिस बदलाव के लिए तृणमूल कांग्रेस को वोट देकर सत्ता में पहुंचाया था वह नहीं आया और केवल भाजपा परिवर्तन लाने में सक्षम है। अपनी जीत की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर बोस ने कहा कि यह उनकी बात नहीं है बल्कि पश्चिम बंगाल की जनता की बात है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटें हैं जहां चार अप्रैल से पांच मई तक छह चरणों में मतदान होगा। तृणमूल कांग्रेस इस बार अकेले चुनाव लड़ रही है। तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए यह ऐलान किया था।
Latest India News