1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. भारत के चीफ जस्टिस ने मोदी के भाषण पर उठाये सवाल

भारत के चीफ जस्टिस ने मोदी के भाषण पर उठाये सवाल

सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस टी एस ठाकुर ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण पर सवाल करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री डेढ़ घंटे तक बोले लेकिन जजों की नियुक्ति पर कुछ भी नहीं

Modi, CJI Thakur- India TV Hindi
Modi, CJI Thakur

सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस टी एस ठाकुर ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण पर सवाल करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री डेढ़ घंटे तक बोले लेकिन जजों की नियुक्ति पर कुछ भी नहीं कहा।

स्वतंत्रता दिवस पर सुप्रीम कोर्ट में आयोजित एक प्रोग्राम में बोलते हुए जस्टिस ठाकुर ने कहा, ''मैं अपने करियर के शिखर पर हूं, मुझे अपने मन की बात कहने में हिचक नहीं है और इसलिए अब मैं बेबाकी से अपने राय देता हूं।''

जस्टिस ठाकुर ने कहा, “देश के लोकप्रिय पीएम डेढ़ घंटा बोले, लॉ मिनिस्टर भी बोले। मैंने सोचा था इंसाफ की, जजों की नियुक्ति की भी बात होगी। लोग जानते हैं, कौन क्या कर रहा है। आज देश के लिए कुर्बानी देने वालों को याद करने का दिन है।”

चीफ जस्टिस ख़ालिस हिंदुस्तानी में भाषण दे रहे थे। उन्होंने कहा, “आज का दिन बेहद अहम है। हमने क्या किया, क्या करेंगे ये बताकर आज के दिन की अहमियत कम नहीं करना चाहता। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश राज में 10 साल में सुलझ जाते थे केस लेकिन अब ऐसा नहीं होता।

इस मौक़े पर जस्टिस ठाकुर ने एक शेर भी पढ़ा, “गुल फेंके है औरों की तरफ़ बल्कि समर भी, ऐ ख़ानाबर अंदाज़-ए-चमन कुछ तो इधर भी”

चीफ जस्टिस ने सरकार से गरीबी और बेरोज़गारी पर खास ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा ऐसे बनाई गई है, जैसे आदमी को सिर्फ 2 वक्त की रोटी चाहिए।

Latest India News