नई दिल्ली: लोजपा सांसद चिराग पासवान ने आज गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और सत्तारूढ़ जेडीयू की एमएलसी के बेटे द्वारा गया में कथित रूप से एक किशोर की हालिया हत्या सहित राज्य में अपराध से संबंधित कई घटनाओं को लेकर बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की। केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान के बेटे चिराग ने इस संबंध में गृह मंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा।
उन्होंने आरोप लगाया, जब से वहां नई सरकार आई है, इसके पीछे हत्या के निशान हैं। वहां कोई सुरक्षित नहीं हैं, चाहे व्यापारी हों, डॉक्टर हों या छात्र हों। उन्होंने कहा, सत्तारूढ़ पार्टी की सत्ता के नशे में धुत एमएलसी के बेटे ने छात्र आदित्य की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या, बलात्कार, रंगदारी और लूटपाट जैसे गंभीर प्रकृति के अपराधों में बढोत्तरी हुई है जिससे युवा विस्थापन के लिए मजबूर हैं।
चिराग ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया, इसके अलावा, राजनीतिक हत्याओं की प्रवृत्ति भी शुरू हो गई है जिसमें सत्तापक्ष के खिलाफ अतीत में आवाज उठाने वालों की हत्या की जा रही है। लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष ने गृहमंत्री से बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
Latest India News