नई दिल्ली: कांग्रेस ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लेकर की गई 'रेनकोट..' वाली टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस ने साथ ही मोदी से माफी मांगने के लिए भी कहा है। कांग्रेस का कहना है कि मोदी का यह बयान बेहद आपत्तिजनक है।कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि मोदी जब तक माफी नहीं मांगते, विपक्षी दलों को उन्हें सदन में बोलने नहीं देना चाहिए।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि रेनकोट पहनकर नहाना कोई मनमोहन सिंह से सीखे। मोदी के इस बयान पर सदन में मौजूद कांग्रेस नेता हंगामा करने लगे और सदन की कार्यवाही का बहिष्कार सदन से बाहर चले गए। सिब्बल ने कहा, "जब सभी लोग बोल चुके होते हैं, मोदी उसके बाद सबसे अंत में बोलते हैं, फिर निराधार आरोप लगाते हैं। हम इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते। जब तक वह अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगते, हम उन्हें सदन में बोलने नहीं देंगे।"
पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा, "मोदी का बयान बेहद आपत्तिजनक था और प्रधानमंत्री के लिए यह अशोभनीय है।" कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने भी इस बयान को लेकर मोदी की आलोचना की। उन्होंने कहा, "देश यहां तक आ गया है कि प्रधानमंत्री सदन में आते हैं और पूर्व प्रधानमंत्री को सम्मान तक नहीं देते। वह अपनी मर्जी से कुछ भी कह सकते हैं, हम उस स्तर तक नहीं गिर सकते। इसीलिए हमने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया।"
Latest India News