नई दिल्ली: कांग्रेस ने अपने संगठन में पुनर्गठन की प्रक्रिया को जारी रखते हुए उत्तराखंड एवं पंजाब में अपनी राज्य इकाइयों के नये अध्यक्ष नियुक्त किये हैं जबकि राजस्थान में अविनाश पांडे को नया प्रभारी महासचिव बनाया गया है।
पार्टी ने इस बात से इंकार किया है कि पुनर्गठन की प्रक्रिया में वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी हो रही है तथा उनके यहां वरिष्ठ नेताओं को मार्गदर्शक मंडल में नहीं भेजा जाता। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शुरू से वरिष्ठ और युवा पीढ़ी मिलजुल कर जिम्मेदारी संभालती आयी है।
उन्होंने कहा, हम साख और अनुभव रखने वाले को खारिज कर उन्हें कोप भवन नहीं भेजते और उसे मार्गदर्शक मंडल नहीं कहते। उनका संकेत भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को मार्गदर्शक मंडल में भेजने के संबंध में था। पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत कांग्रेस ने पूर्व मंत्री सुनील जाखड़ को पंजाब का नया प्रदेश कांग्रेस समिति अध्यक्ष बनाया है जो अमरिन्दर सिंह का स्थान लेंगे
अमरिन्दर सिंह के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनसे यह जिम्मेदारी ली गयी है। प्रीतम सिंह को उत्तराखंड कांग्रेस का प्रमुख बनाया गया है जो किशोर उपाध्याय का स्थान लेंगे। एआईसीसी सचिव तथा राज्यसभा के पूर्व सदस्य अविनाश पांडे को राजस्थान का प्रभारी महासचिव बनाया गया है। राजस्थान में अगले साल चुनाव होने वाले हैं। पांडे की मदद के लिए राज्य में चार नये एआईसीसी सचिवों की टीम होगी। इनमें विवेक बंसल, काजी मोहम्मद निजामुद्दीन, देवेन्द्र यादव एवं तरूण कुमार शामिल होंगे।
सुरजेवाला ने कहा कि इस पुनर्गठन के साथ कांगे्रस अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान एवं गोवा में पार्टी संगठन में पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Latest India News