नई दिल्ली: भ्रष्टाचार के मामलों का सामना कर रहे दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) के सूत्रों ने हालांकि राय के इस्तीफे देने का कारण 'स्वास्थ्य परेशानियों' को बताया।
राय के इस्तीफे के बाद परिवहन मंत्रालय फिलहाल लोक निर्माण विभाग के मंत्री सत्येंद्र जैन को सौंपा गया है।
राय ने सोमवार को कहा था कि यदि उनके खिलाफ एप आधारित प्रीमियम बस सेवा योजना में भ्रष्टाचार का आरोप साबित होता है, तो वह जेल जाने के लिए तैयार हैं।
क्या है विवाद?
गोपाल राय ऐप बेस्ड प्रीमियम बस सर्विस योजना को लेकर विवादों में है। बीजेपी विधायक विजेंद्रर गुप्ता की शिकायत पर एसीबी पूरे मामले की जांच कर रही है और केजरीवाल ने समन जारी होने से पहले गोपाल राय को जांच एजेंसी के सामने पेश होने को कह दिया है।
कुछ दिनों पहले ही गोपाल राय ने खुद अरविंद केजरीवाल से खराब सेहत की नजह से विभाग बदलने की गुजारिश की थी। गोपाल राय ने हाल में हुई सर्जरी का हवाला देते हुए कहा था कि श्रम विभाग के साथ-साथ परिवहन विभाग की वजह से काम ज्यादा रहता है ऐसे में उनसे परिवहन विभाग वापस ले लिया जाए।
Latest India News