1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मायावती की वोटरों से अपील, मुफ्त उपहारों के लालच में न आएं

मायावती की वोटरों से अपील, मुफ्त उपहारों के लालच में न आएं

चेन्नई: मायावती ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अपने-अपने घोषणा पत्रों में मुफ्त उपहारों की पेशकश करने वाली द्रविड़ पार्टियों पर सीधे-सीधे हमला बोला। बसपा

mayawati- India TV Hindi
mayawati

चेन्नई: मायावती ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अपने-अपने घोषणा पत्रों में मुफ्त उपहारों की पेशकश करने वाली द्रविड़ पार्टियों पर सीधे-सीधे हमला बोला। बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को मतदाताओं से ऐसे प्रलोभनों में न आने की अपील की और कहा कि वे (द्रविड़ पार्टियां) आपकी समस्याओं का समाधान नहीं करेंगी। चेन्नई में एक चुनावी रैली के दौरान मायावती ने कहा, 'क्षेत्रीय पार्टियां आपको मोबाइल फोन जैसे मुफ्त उपहारों का लालच देंगी। लेकिन वे आपकी समस्याओं को नहीं सुलझा पाएंगी।' अपने घोषणापत्रों में सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक ने जहां सत्ता में आने पर मोबाइल फोन और 100 यूनिट बिजली मुफ्त देने का वादा किया है वहीं द्रमुक ने मुफ्त 3जी-4जी कनेक्शन देने का आश्वासन दिया है।

अन्नाद्रमुक ने गुरुवार को ऐसे समय में घोषणापत्र जारी किया जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपने गठबंधन सहयोगी द्रमुक के प्रमुख करुणानिधि के साथ एक चुनावी रैली को संबोधित करना था। एक जनसभा में अन्नाद्रमुक सुप्रीमो जयललिता ने यह घोषणापत्र जारी किया, जबकि अब तक यह काम चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय में किया जाता रहा है।

घोषणापत्र में किए गए वादों के बारे में जनता को बताते हुए जयललिता ने कहा कि उनकी पार्टी यदि सत्ता में फिर से आई तो सभी राशन कार्ड धारकों को मोबाइल फोन दिए जाएंगे। जयललिता ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे कि हर परिवार के एक सदस्य को व्यावसायिक प्रशिक्षण सहित विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए रोजगार मिले।

उन्होंने कहा कि अन्नाद्रमुक यदि सत्ता में लौटी तो मौजूदा उपभोग गणना विधि के तहत सभी परिवारों को 100 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे 78 लाख उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा और उन्हें बिजली के बिल का भुगतान करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जयललिता ने कहा, 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए मुफ्त लैपटॉप योजना जारी रहेगी और इसके साथ उन्हें मुफ्त इंटरनेट कनेक्शन मुहैया कराया जाएगा।

मायावती ने राज्य विधानसभा चुनाव में बीएसपी उम्मीदवार के लिए लोगों से वोट की अपील करते हुए कहा कि लोगों को नौकरियां और गरीबी से मुक्ति चाहिए।

Latest India News