1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ‘गिलगित-बाल्तिस्‍तान, पीओके सहित पूरा कश्मीर हमारा है’

‘गिलगित-बाल्तिस्‍तान, पीओके सहित पूरा कश्मीर हमारा है’

विजयादशमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुये मोदी सरकार और भारतीय सेना की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार अच्छा काम कर रही है।

Bhagwat-Modi- India TV Hindi
Bhagwat-Modi

नई दिल्ली: विजयादशमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुये मोदी सरकार और भारतीय सेना की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार अच्छा काम कर रही है। यह सरकार काम करने वाली है। उन्होंने कहा कि देश धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है लेकिन दुनिया की कुछ शक्तियां भारत के प्रभाव को नहीं चाहती।

भागवत ने अपने भाषण में कश्मीर का  प्रमुखता से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जम्मू और कश्मीर में चिंता की स्थिति है। मीरपुर और बाल्टिस्तान पीओके समेत पूरा कश्मीर भारत का हिस्सा है। वह भारत का अविभाज्य अंग है। कश्मीर के उपद्रवियों से निपटना होगा। कश्मीर की उपद्रवी शक्तियों को उकसाने का काम सीमा पार से हो रहा है। ये बात किसी से छुपी नहीं है पूरी दुनिया को यह पता है।

भागवत ने कश्मीरी पंडितों को न्याय दिए जाने की भी वकालत की। भागवत ने पाकिस्तान को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह कश्मीर में अलगाववादी ताकतों को बढ़ावा दे रहा है। भागवत ने सेना की सराहना की और दुश्मन को माकूल जवाब देने के लिए उसे बधाई दी। उन्होंने मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार के नेतृत्व ने एक सराहनीय कार्य किया है। सेना ने भी हिम्मत का काम किया है। लेकिन हमारी सीमाओं की हिफाजत पूरी तरह से होनी चाहिए, घुसपैठ कैसे हो जाती है? इसे रोकना होगा।

भागवत ने कहा कि दुनिया में ऐसी भी ताकतें हैं जो भारत को आगे बढ़ने नहीं देना चाहती हैं। हमारे यहां के स्वार्थ के कारण ऐसे लोगों को यहां समर्थन भी मिल जाता है। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में विरोधी दल सरकार की नीतियों की आलोचना करते हैं, जो गलत नहीं है लेकिन कभी कभी ऐसी घटनाएं घटती हैं जो नहीं होनी चाहिए।

आरएसएस के स्वयंसेवकों ने आज विजयादशमी पर 90 साल से शामिल खाकी निकर को छोड़कर भूरे रंग की पतलून पहन ली। आज संघ का स्थापना दिवस भी है।

संघ के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस समेत कई लोग मौजूद हैं। स्वयंसेवकों ने आज सुबह नागपुर में मार्च किया। विजयादशमी और स्थापना दिवस के अवसर पर देशभर में संघ कई कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

Latest India News