नयी दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री द्वारा ईवीएम पर निशाना साधे जाने के बाद केंद्रीय मंत्री हर्ष वर्धन ने आज अरविंद केजरीवाल पर चुटकी लेते हुए कहा कि आप नेता के लिये मतदान मशीन का मतलब है, (एवरीवन वोट्स फॉर मोदीजी) हर कोई मोदीजी के लिये मतदान करता है।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ने कहा कि केजरीवाल जल्द यह मांग करेंगे कि निर्वाचन आयोग दिल्ली सरकार को दे दिया जाये। उन्होंने ट्वीट किया, केजरीवाल के लिये ईवीएम मतलब एवरीवन वोट्स मोदीजी है। मुझे यकीन है कि अब वह निर्वाचन आयोग दिल्ली सरकार को सौंपे जाने की मांग करेंगे??
हाल ही में आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब विधानसभा चुनाव में ईवीएम के साथ कथित छेड़छाड़ को लेकर निर्वाचन आयोग से शिकायत की और मांग की कि वीवीपीएटी मशीनों द्वारा निकले स्लिप्स के साथ चुनाव परिणाम का मिलान किया जाए। आप नेता राघव चड्ढा ने निर्वाचन अधिकारियों से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि बूथ स्तर पर मतदान के तरीकों का पार्टी द्वारा किया गया प्रारंभिक विश्लेषण यह दर्शाता है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के साथ छेड़छाड़ हुई है।
चड्ढा ने कहा, "ऐसे कई बूथ रहे हैं, जहां पार्टी को मिले मतों की संख्या उस इलाके में आप समर्थकों की संख्या से भी बहुत कम है। वे समर्थक अदालत में इस कथ्य के साथ हलफनामा दायर करने के लिए तैयार हैं कि उन्होंने आप को वोट दिया था।" आप नेता ने कहा कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की गई, लिहाजा यह मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि लोगों का चुनावी प्रक्रिया से भरोसा उठ रहा है।
Latest India News