मुंबई: जैन मुनि तरुण सागर की आलोचना करने वाले संगीतकार विशाल डडलानी के खिलाफ मुंबई के चैंबूर पुलिस स्टेशन में ये शिकायत दर्ज कराई गई है। इस बीच आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद फोन करके जैन मुनि तरुण सागर जी महाराज से माफी मांगी लेकिन केजरीवाल के घर पर जैन संप्रदाय से जुड़े लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
खबर है कि डैमेज कंट्रोल करने के लिए खुद सीएम अरविंद केजरीवाल ने फोन करके माफी मांगी तो वहीं चंडीगढ़ में तरुण सागर जी महाराज के घर जाकर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने माफी मांगी।
सतेंद्र जैन से मुलाकात से पहले तरूण सागर ने कहा, ''मैं किसी से नाराज ही नहीं था तो माफ क्या करूं।''
केजरीवाल सरकार की तरफ से माफीनामें के बाद भी जैन समर्थकों का विरोध शांत नहीं हुआ। जैन समुदाय से जुड़े सैकड़ो समर्थकों ने बैनर पोस्टर लेकर जमकर प्रदर्शन किया हालांकि विशाल डडलानी की ओर से कहा गया है कि वे पार्टी से हट चुके हैं...बावजूद इसके जैन समुदाय का गुस्सा अभी भी शांत नहीं हुआ है और विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है।
Latest India News